द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“FIR registered against ‘Bhabhi’ Ranjit Kaur”) पंजाब की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘भाभी’ रंजीत कौर और उनके पति जिंदा हंस एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार दोनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि यह जोड़ा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए समाज में अश्लीलता और गलत संदेश फैलाने वाली वीडियो और सामग्री साझा कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई ‘पाखंड भगाओ, पंजाब बचाओ’ संगठन के प्रमुख मनप्रीत सिंह खालसा की शिकायत के आधार पर की गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दोनों सोशल मीडिया पर ऐसी वीडियो पोस्ट करते हैं जिनमें आपत्तिजनक भाषा और अशोभनीय कंटेंट का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे समाज, खासकर युवाओं पर गलत प्रभाव पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले विभिन्न निहंग संगठनों ने भी लुधियाना के पुलिस कमिश्नर को ज्ञापन सौंपकर रंजीत कौर और उनके पति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। संगठनों का कहना था कि सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे वीडियो डाले जा रहे हैं जो सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के विपरीत हैं।
शिकायतों की जांच के बाद लुधियाना के थाना मोती नगर में दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और डिजिटल सबूतों की भी पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां कुछ लोग इस कार्रवाई का समर्थन कर रहे हैं, वहीं कई लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर भी अपनी राय रख रहे हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और इस हाई-प्रोफाइल मामले में होने वाली अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।



















