चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Government Job Alert”) पंजाब में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। पंजाब सरकार के तकनीकी शिक्षा एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ने क्राफ्ट इंस्ट्रक्टर के 681 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह भर्ती पंजाब अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (PSSSB) के माध्यम से की जाएगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आज यानी 10 जुलाई से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। भर्ती का नोटिफिकेशन पहले ही जारी किया जा चुका है और जल्द ही लिखित परीक्षा की तारीख भी घोषित की जाएगी।
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए सरकार ने कुछ महत्वपूर्ण पात्रता शर्तें निर्धारित की हैं। सबसे अहम बात यह है कि फ्रेशर उम्मीदवार आवेदन नहीं कर सकेंगे। संबंधित ट्रेड में ITI के साथ कम से कम तीन वर्ष का व्यावहारिक या प्रशिक्षण अनुभव अनिवार्य रखा गया है। वहीं इंजीनियरिंग डिप्लोमा या डिग्री धारकों के लिए कम से कम दो वर्ष का अनुभव जरूरी होगा। इसके अलावा उम्मीदवार के पास CITS (Craft Instructor Training Scheme) का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। साथ ही, अभ्यर्थी ने 10वीं कक्षा में पंजाबी विषय पास किया होना चाहिए।
भर्ती प्रक्रिया कुल तीन चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में MCQ आधारित लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मेरिट के आधार पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) होगा और अंतिम चरण में मेडिकल टेस्ट के बाद चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति की जाएगी।
आयु सीमा 18 से 37 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। वहीं लिखित परीक्षा में 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी, इसलिए उम्मीदवारों को सोच-समझकर उत्तर देना होगा।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक सुनहरा अवसर मानी जा रही है। ऐसे में इच्छुक अभ्यर्थियों को समय रहते आवेदन कर परीक्षा की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।



















