Home Chandigarh पंजाब में बेअदबी के आरोपी का घर मे घुस कर कृपाण से...

पंजाब में बेअदबी के आरोपी का घर मे घुस कर कृपाण से सिर धड़ से अलग किया

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Punjab Crime: Man on Bail in Sacrilege Case Found Murdered “) पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। यहां बेअदबी के एक पुराने मामले में आरोपी रहे मेवा सिंह की आधी रात उनके घर में घुसकर धारदार हथियारों से निर्मम हत्या कर दी गई। हमलावरों ने उन पर कई वार किए और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

परिवार के अनुसार, रात करीब 1:30 बजे घर का पालतू कुत्ता लगातार भौंक रहा था। आवाज सुनकर मेवा सिंह कमरे से बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। मृतक की बेटी ने बताया कि पिता की चीख-पुकार सुनकर वह और उनकी मां बाहर आए, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी डराने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए दरवाजा बंद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है। फिलहाल हत्या के पीछे की साजिश, हमलावरों की पहचान और वारदात के मकसद का पता लगाया जा रहा है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार, मेवा सिंह पर वर्ष 2020 में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के आरोप में मामला दर्ज हुआ था। यह मामला अभी अदालत में विचाराधीन था और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस हत्या को सीधे उसी मामले से जोड़कर पुष्टि नहीं की है।

इस जघन्य हत्या ने एक बार फिर पंजाब में कानून-व्यवस्था और संवेदनशील मामलों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर इस हत्याकांड के पीछे कौन लोग थे और उनका वास्तविक मकसद क्या था।

Translate »
error: Content is protected !!