लुधियाना । राजवीर दीक्षित
(Thief or Mastermind? Only Select Files Were Stolen from the Municipal Corporation, CCTV Was Removed, and a New Lock Was Installed!) पंजाब के लुधियाना नगर निगम से एक ऐसी चोरी की घटना सामने आई है, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे। यह कोई आम चोर नहीं था, बल्कि ऐसा लगता है कि उसे रिकॉर्ड रूम की पूरी जानकारी थी।
जानकारी के अनुसार, चोर ने नगर निगम के रिकॉर्ड रूम में घुसकर बेहद चुनिंदा फाइलों पर हाथ साफ किया। विकास कार्यों से जुड़े वाउचर, बिल और अहम दस्तावेज ही चोरी किए गए, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोरी पूरी योजना के तहत की गई।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि चोर अपने पीछे कोई सबूत न छोड़ने के लिए CCTV कैमरा भी उखाड़कर साथ ले गया। लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं होती। जाते-जाते चोर ने रिकॉर्ड रूम पर अपना ताला भी लगा दिया, मानो कोई फिल्मी अंदाज में संदेश देकर गया हो कि “हम फिर लौटेंगे।”
बताया जा रहा है कि घटना वीकेंड के दौरान हुई। शुक्रवार को रिकॉर्ड कीपर कार्यालय बंद कर ताला लगाकर चला गया था। शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को जब कार्यालय खुला, तब इस सनसनीखेज चोरी का खुलासा हुआ।
सूत्रों के मुताबिक, इस मामले को कुछ समय तक दबाने की कोशिश भी की गई, लेकिन अब मामला सामने आ चुका है। फिलहाल लुधियाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतनी सुरक्षा के बावजूद रिकॉर्ड रूम तक पहुंचा कौन, और चोरी हुई फाइलों के पीछे क्या राज छिपा है ?



















