नंगल । राजवीर दीक्षित
जानकारी के अनुसार, सुभाष शर्मा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष नंगल क्षेत्र की जनता की मांग को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद रेल मंत्रालय ने वंदे भारत ट्रेन के नंगल स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी इस ऐतिहासिक अवसर पर बुधवार को सुभाष शर्मा स्वयं नंगल रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहेंगे और ट्रेन का स्वागत करेंगे।

इस अवसर पर सुभाष शर्मा ने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि नंगल और आसपास के लोगों की वर्षों पुरानी मांग का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेन का नंगल में रुकना क्षेत्र के विकास, पर्यटन, व्यापार और यात्रियों की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
सुभाष शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें क्षेत्र की जनता से लगातार वंदे भारत ट्रेन के ठहराव की मांग सुनने को मिली थी। लोगों की इसी आवाज को उन्होंने गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्री तक पहुंचाया और लगातार प्रयास किए। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में नंगल के विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले भी सुभाष शर्मा ने बीबीएमबी कर्मचारियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा लागू करवाने के मुद्दे पर सक्रिय भूमिका निभाई थी। अब वंदे भारत ट्रेन का ठहराव उनके प्रयासों की एक और बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव से न केवल यात्रियों को तेज और बेहतर रेल सेवा मिलेगी, बल्कि नंगल के व्यापार, उद्योग और पर्यटन को भी नई गति मिलेगी।
क्षेत्र के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे नंगल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।



















