Home Chandigarh पंजाब की बेटी हरजिंदर कौर ने Commonwealth Games 2026 में जीता सिल्वर,...

पंजाब की बेटी हरजिंदर कौर ने Commonwealth Games 2026 में जीता सिल्वर, संघर्ष से रची सफलता की नई कहानी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Punjab’s Harjinder Kaur Wins Commonwealth Games 2026 Silver, Inspires Millions with Her Journey) पंजाब के पटियाला जिले के नाभा के मेहस गांव की बेटी हरजिंदर कौर ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के 69 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग वर्ग में रजत पदक (Silver Medal) जीतकर पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। इससे पहले उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया था, और अब एक बार फिर शानदार प्रदर्शन कर इतिहास रच दिया।

प्रतियोगिता से कुछ घंटे पहले हरजिंदर ने अपने भाई प्रीतपाल सिंह को फोन कर पूरे विश्वास के साथ कहा था कि वह इस बार गोल्ड या सिल्वर जरूर जीतेंगी। उनका यह आत्मविश्वास सच साबित हुआ और उन्होंने देश के लिए एक और पदक अपने नाम कर लिया। हाल ही में उन्हें पंजाब सरकार के प्रतिष्ठित महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।

हरजिंदर की सफलता के पीछे वर्षों का संघर्ष छिपा है। सीमांत किसान साहिब सिंह की बेटी होने के कारण परिवार आर्थिक तंगी से जूझता रहा। बेटी के प्रशिक्षण, डाइट और प्रतियोगिताओं के खर्च के लिए पिता ने कर्ज तक लिया, लेकिन कभी उसके सपनों को टूटने नहीं दिया।

बचपन में हरजिंदर रोज़ करीब 5 किलोमीटर साइकिल चलाकर स्कूल जाती थीं। कई बार साइकिल पंचर हो जाती, लेकिन परिवार की हालत समझते हुए वह बिना शिकायत उसे पैदल घर तक ले आती थीं।

पढ़ाई के साथ-साथ हरजिंदर खेतों में अपने पिता का हाथ भी बंटाती थीं। पशुओं के लिए चारा काटने जैसे कठिन कामों ने उनके शरीर को मजबूत बनाया। शुरुआत में उन्होंने कबड्डी खेली, फिर कोच परमजीत शर्मा की सलाह पर टग ऑफ वॉर और बाद में वेटलिफ्टिंग को अपनाया। एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने शरीर में बदलाव की चिंता के कारण खेल छोड़ने का मन बनाया, लेकिन माता-पिता के हौसले ने उन्हें आगे बढ़ने की ताकत दी।

आज हरजिंदर इनकम टैक्स विभाग में कार्यरत हैं और उनका परिवार आर्थिक रूप से मजबूत हो चुका है। पिता साहिब सिंह की आंखों में खुशी साफ झलकती है। उनका कहना है, “अब मुझे किसी बात की चिंता नहीं है।” हरजिंदर कौर की यह प्रेरणादायक कहानी साबित करती है कि मेहनत, आत्मविश्वास और परिवार का साथ हो तो कोई भी सपना असंभव नहीं होता।

Translate »
error: Content is protected !!