Home Breaking News ब्रेकिंग: बम की धमकी से स्कूलों में हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

ब्रेकिंग: बम की धमकी से स्कूलों में हड़कंप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(Breaking: Bomb Threat Email Prompts School Evacuations ) पंजाब के अबोहर में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के कई प्रमुख निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 8:51 बजे भेजे गए इस ईमेल में दोपहर 1:30 बजे का समय लिखकर धमकी दी गई थी। ईमेल मिलते ही स्कूल प्रशासन ने बिना कोई जोखिम उठाए तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को सूचना दी। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अजम्पशन कॉन्वेंट स्कूल, डीएवी स्कूल सहित कई निजी शिक्षण संस्थानों को तत्काल खाली करा दिया गया और छात्रों को सुरक्षित उनके अभिभावकों के पास भेज दिया गया।

घटना के बाद पूरे शहर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संबंधित स्कूल परिसरों की गहन जांच शुरू कर दी। वहीं प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।

रिकॉग्नाइज्ड एंड एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन के प्रधान श्याम लाल अरोड़ा ने बताया कि धमकी वाले ईमेल में कई निजी स्कूलों के नाम शामिल थे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी प्रभावित स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित कर दी गई। वहीं डीएवी स्कूल की प्रिंसिपल ने भी पुष्टि की कि ईमेल मिलते ही पुलिस, एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर प्रशासन के निर्देशानुसार स्कूल खाली कराया गया।

फिलहाल अब तक किसी विस्फोटक सामग्री के मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस इस धमकी को गंभीरता से लेते हुए ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर विशेषज्ञ भी ईमेल के स्रोत की जांच कर रहे हैं।

यह घटना एक बार फिर स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था और साइबर माध्यम से दी जा रही धमकियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!