Home Chandigarh दिल्ली दौरे पर CM सुक्खू, कैबिनेट विस्तार और बड़े राजनीतिक फैसलों की...

दिल्ली दौरे पर CM सुक्खू, कैबिनेट विस्तार और बड़े राजनीतिक फैसलों की अटकलें तेज

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Himachal Politics Heats Up: CM Sukhu’s Delhi Visit Sparks Cabinet Expansion Buzz “) हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का अचानक नई दिल्ली रवाना होना राज्य के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। माना जा रहा है कि दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात करेंगे, जिसमें सरकार और संगठन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) ने भी आम लोगों से अपील की है कि अगले तीन-चार दिनों तक वे शिमला सचिवालय में मुलाकात के लिए न आएं, क्योंकि मुख्यमंत्री इस दौरान दिल्ली दौरे पर रहेंगे। इस बीच सबसे ज्यादा चर्चा लंबे समय से खाली पड़े कैबिनेट मंत्री के पद को लेकर हो रही है। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, नए मंत्री की नियुक्ति और कुछ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

इसके अलावा, विधानसभा उपाध्यक्ष का पद भी लंबे समय से रिक्त है। माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर भी दिल्ली में सहमति बनने की संभावना है, ताकि आगामी मानसून सत्र से पहले सरकार सभी महत्वपूर्ण नियुक्तियां पूरी कर सके।

कैबिनेट में खाली मंत्री पद के लिए कुल्लू सदर से कांग्रेस विधायक सुंदर सिंह ठाकुर का नाम सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है। मुख्यमंत्री सुक्खू पहले भी सार्वजनिक मंचों से संकेत दे चुके हैं कि उन्हें जल्द मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हालांकि अंतिम फैसला कांग्रेस हाईकमान की मंजूरी के बाद ही होगा।

दिल्ली दौरा पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री सीधे चंबा जाएंगे, जहां वे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त मिंजर मेले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके बाद दो या तीन अगस्त को उनके शिमला लौटने की संभावना है। अब सभी की नजरें दिल्ली में होने वाली इस अहम बैठक और उससे निकलने वाले राजनीतिक फैसलों पर टिकी हुई हैं।

Translate »
error: Content is protected !!