द टारगेट न्यूज़:
पंचकूला में ड्यूटी के बाद घर लौट रही दो महिला पुलिसकर्मियों ने सड़क किनारे अचेत पड़ी एक महिला की जान बचा ली है। यह घटना सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। पुलिस उपायुक्त कार्यालय की लीगल सेल की प्रभारी सब-इंस्पेक्टर आशु दहिया और ओएएसआई शाखा में तैनात महिला हेड कांस्टेबल आशा अपनी ड्यूटी समाप्त कर निजी कार से घर वापस जा रही थीं। जब वे माजरी चौक के पास सेक्टर 1 और 2 के बीच डीआई कट के पास पहुंचीं, तो उन्होंने एक महिला को सड़क किनारे बेहोश पड़े हुए देखा। उनके पास ही एक स्कूटर गिरा हुआ था और एक अन्य महिला भी वहां मौजूद थी। किसी मेडिकल इमरजेंसी का अंदेशा होते हुए दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना कोई वक्त गंवाए तुरंत पीड़िता को सीपीआर यानी कार्डियोपल्मोनरी रिसुसिटेशन दिया और अपनी ही कार में उसे अस्पताल ले गईं। महज पांच मिनट के भीतर उन्होंने महिला को सेक्टर 6 स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद महिला को होश आ गया। पुलिस के अनुसार अब उसकी हालत स्थिर है और वह डॉक्टरी निगरानी में है। पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने बताया कि पीड़िता के परिजनों को घटना की सूचना देकर अस्पताल बुला लिया गया है। महिला की मां ने इस संकट के समय तुरंत मदद के लिए दोनों पुलिसकर्मियों का आभार व्यक्त किया है। पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने इन दोनों महिला कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं है, बल्कि मुसीबत में फंसे नागरिकों की सहायता करना भी है। उन्होंने ड्यूटी के घंटे पूरे होने के बाद भी तत्परता, करुणा और समर्पण दिखाने के लिए आशु दहिया और आशा की भरपूर प्रशंसा की।


















