Home Chandigarh 13 साल की बच्ची 7 महीने की गर्भवती मिली, राखी बंधवाने वाला...

13 साल की बच्ची 7 महीने की गर्भवती मिली, राखी बंधवाने वाला रिश्तेदार समेत दो आरोपी गिरफ्तार

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“13-Year-Old Girl Found 7 Months Pregnant “) पंजाब के लुधियाना से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां 13 साल की एक नाबालिग बच्ची के सात महीने की गर्भवती होने का खुलासा होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के मुताबिक बच्ची को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। जांच में पता चला कि बच्ची सात महीने की गर्भवती है। इसके बाद परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

पीड़िता ने अपने माता-पिता को बताया कि करीब सात महीने पहले एक दूर के रिश्तेदार ने, जिसे वह राखी बांधती थी और भाई मानती थी, उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके कुछ समय बाद किराए पर रहने वाले एक अन्य युवक ने भी उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर और मासूमियत के कारण बच्ची लंबे समय तक चुप रही।

परिजनों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों से बच्ची के शरीर में बदलाव दिखाई दे रहे थे, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य शारीरिक परिवर्तन समझकर गंभीरता से नहीं लिया। सच सामने आने के बाद आरोपियों के परिवार की ओर से समझौते का दबाव भी बनाया गया। यहां तक कि एक आरोपी ने इलाज कराने और शादी करने जैसी बातें भी कहीं, लेकिन पीड़िता के परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो (POCSO) कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और डॉक्टरों की सलाह के अनुसार आगे की कानूनी व चिकित्सीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

यह घटना समाज के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि बच्चों की सुरक्षा, उन पर भरोसे का दुरुपयोग और यौन अपराधों के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। यदि किसी बच्चे के व्यवहार या स्वास्थ्य में अचानक बदलाव दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत विशेषज्ञ की सलाह लेना और संबंधित अधिकारियों को सूचित करना आवश्यक है।

Translate »
error: Content is protected !!