Home Chandigarh अगस्त से बदल गए 5 बड़े नियम, आपकी जेब और सफर पर...

अगस्त से बदल गए 5 बड़े नियम, आपकी जेब और सफर पर पड़ेगा सीधा असर

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“August Rule Change 2026”) 1 अगस्त 2026 से देशभर में आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं। इन बदलावों का असर आपकी जेब, बैंकिंग, रेल यात्रा और कारोबार पर सीधे तौर पर देखने को मिलेगा। सबसे बड़ी राहत कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में मिली है, जिसे तेल कंपनियों ने औसतन 180 से 200 रुपये तक सस्ता कर दिया है। हालांकि 14 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

रेल यात्रियों के लिए भी नया नियम लागू हो गया है। अब PRS रिजर्वेशन काउंटर से तत्काल टिकट लेने के लिए पहले टोकन लेना अनिवार्य होगा। इस नई व्यवस्था का उद्देश्य लंबी कतारों को कम करना और यात्रियों को तय समय पर टिकट बुकिंग की सुविधा देना है।

वहीं 3 से 5 अगस्त तक होने वाली RBI की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक पर भी सभी की नजरें टिकी हैं। 5 अगस्त को ब्याज दरों को लेकर फैसला आएगा। यदि रेपो रेट में बदलाव होता है तो इसका सीधा असर होम लोन और अन्य लोन की EMI के साथ-साथ फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की ब्याज दरों पर भी पड़ सकता है।

बैंकिंग और निवेश से जुड़े लोगों के लिए CKYC 2.0 सिस्टम भी लागू किया गया है। इस नए अपग्रेड के बाद बैंक, बीमा और म्यूचुअल फंड जैसी संस्थाओं में बार-बार KYC दस्तावेज जमा कराने की जरूरत काफी हद तक खत्म हो जाएगी। इससे डेटा सुरक्षा मजबूत होगी और फ्रॉड पर भी लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

इसके अलावा RBI ने क्रेडिट कार्ड बिलिंग के नियमों में भी बदलाव किया है। अब बकाया राशि पर ब्याज की गणना अधिक पारदर्शी होगी और सुविधा शुल्क, टैक्स तथा कुछ अतिरिक्त चार्ज को ब्याज के आधार में शामिल नहीं किया जाएगा। इससे ग्राहकों को राहत मिलने के साथ बिलिंग सिस्टम अधिक पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनने की उम्मीद है। अगस्त की शुरुआत के साथ लागू हुए ये पांच बदलाव करोड़ों लोगों की जेब, बैंकिंग और दैनिक जीवन को प्रभावित करेंगे।

Translate »
error: Content is protected !!