चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Punjab Voter List Update: SIR Process, Draft List & Rules “) पंजाब में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत मतदाता सूची के व्यापक पुनरीक्षण की प्रक्रिया अब अगले चरण में पहुंच चुकी है। निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यभर में 2.61 करोड़ एन्यूमरेशन फॉर्म बीएलओ (Booth Level Officer) द्वारा वितरित किए गए, जिनमें से लगभग 2.41 करोड़ फॉर्म वापस जमा हो चुके हैं। अब 3 अगस्त को फॉर्म जमा करने का चरण समाप्त होने के बाद दस्तावेजों की जांच और सत्यापन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
निर्वाचन आयोग 13 अगस्त 2026 को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी करेगा। इसके बाद करीब एक महीने तक दावा और आपत्ति दर्ज कराने का अवसर मिलेगा। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम सूची में नहीं है, किसी मृत या स्थानांतरित व्यक्ति का नाम हटाना है या किसी जानकारी में सुधार कराना है, तो संबंधित व्यक्ति फॉर्म 6, 7 या 8 भरकर ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकता है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनंदिता मित्रा के अनुसार लगभग 90.37 प्रतिशत फॉर्म वापस प्राप्त हुए हैं, जबकि करीब 20 लाख फॉर्म वापस नहीं आए। इसके अलावा लाखों मतदाता ऐसे भी हैं जिनकी जानकारी का सत्यापन अभी लंबित है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन दस्तावेजों पर संदेह होगा, उन्हें ERO (Electoral Registration Officer) की ओर से नोटिस भेजा जाएगा और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
निर्वाचन विभाग ने यह भी साफ किया है कि जिन मतदाताओं के पास पर्याप्त दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, उन्हें भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे मामलों में ERO द्वारा सत्यापन प्रक्रिया पूरी की जाएगी और पात्र पाए जाने पर उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।
जो लोग समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा नहीं कर सके हैं, वे ERO कार्यालय, voters.eci.gov.in पोर्टल या Voter Helpline App के माध्यम से आवश्यक फॉर्म भरकर दस्तावेज अपलोड कर सकते हैं। आवेदन के बाद मिलने वाले रेफरेंस नंबर से अपने आवेदन की स्थिति भी ट्रैक की जा सकेगी।
सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 12 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। आगामी चुनावों में यही संशोधित मतदाता सूची मान्य होगी। इसलिए प्रत्येक मतदाता को सलाह दी गई है कि ड्राफ्ट सूची जारी होने के बाद अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें, ताकि मतदान के अधिकार से वंचित न रहना पड़े।



















