बाइक सवारों ने सोने के टॉप्स झपटे; CCTV में कैद वारदात
जालंधर। राजवीर दीक्षित।
(Bike-borne men snatched gold earrings; incident captured on CCTV) जालंधर के बबरीक चौक में सुरक्षा व्यवस्था के बीच झपटमारी की वारदात सामने आई है। नशा छुड़ाओ केंद्र के पास बाइक सवार दो युवकों ने एक्टिवा पर जा रही महिला के कानों से सोने के टॉप्स झपट लिए और मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
घटना उस समय हुई जब जालंधर पुलिस 15 अगस्त को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी होने का दावा कर रही थी। वीरवार को पुलिस की ओर से विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च भी निकाला गया था।
पीछे से आए बदमाश, झपटा मारकर भागे
पीड़ित महिला मुक्ता गौरी के मुताबिक, वह शाम करीब 4 बजे अपने पोते के साथ एक्टिवा पर मंगल मंडी से एक रिश्तेदार के घर जा रही थीं। जैसे ही वह बबरीक चौक के पास पहुंचीं, पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने अचानक उनके कान पर झपटा मारा और सोने के टॉप्स छीन लिए।
महिला के अनुसार, वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले ही दोनों युवक तेज रफ्तार से मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हुए, लेकिन झपटमारों को पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली।
पुलिस ने शुरू की जांच, CCTV खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंबर-5 की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला से घटना की जानकारी ली और उसके बयानों के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि बाइक सवार आरोपियों की पहचान की जा सके।
पीड़ित महिला ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने और उसके सोने के टॉप्स बरामद करवाने की मांग की है।
15 अगस्त की सुरक्षा के बीच वारदात
यह वारदात ऐसे समय हुई है जब स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने का दावा किया जा रहा है। पुलिस ने वीरवार को अलग-अलग इलाकों में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया था। इसके बावजूद व्यस्त बबरीक चौक में झपटमारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



















