27 जिलों में नए प्रभारी नियुक्त, कुरुक्षेत्र की कमान रमेश सैनी को
चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित।
(Major organizational reshuffle in Haryana BJP) हरियाणा भाजपा ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी ने 27 संगठनात्मक जिलों के नए प्रभारी नियुक्त किए हैं। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र में रमेश सैनी को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई नियुक्तियों में महिला नेतृत्व को भी जगह दी गई है और चार महिला पदाधिकारियों को जिला प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची में अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गई है। माना जा रहा है कि इन नियुक्तियों के जरिए भाजपा आगामी राजनीतिक गतिविधियों, बूथ प्रबंधन और संगठन के विस्तार को और गति देने की तैयारी में है।
चार जिलों में महिलाओं को जिम्मेदारी
भाजपा ने संगठन में महिला नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए चार महिला पदाधिकारियों को जिला प्रभारी नियुक्त किया है।
राजबाला एडवोकेट को सोनीपत, मीना चौहान को गोहाना, प्रतिभा सुमन को हांसी और लतिका शर्मा को फरीदाबाद का जिला प्रभारी बनाया गया है।
कुरुक्षेत्र में रमेश सैनी की ताजपोशी
कुरुक्षेत्र में भाजपा ने रमेश सैनी को नया जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले तजिंदर सिंह गोल्डी जिला अध्यक्ष के पद पर थे। नौकरी के लेन-देन से संबंधित एक कथित ऑडियो सामने आने के बाद पार्टी ने उन्हें पद से हटा दिया था।
इसके बाद जिला महामंत्री रहे रमेश सैनी को कार्यकारी तौर पर जिम्मेदारी दी गई थी। अब प्रदेश अध्यक्ष की ओर से उनकी नियुक्ति को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी गई है।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी
भाजपा की नई नियुक्तियों को संगठन को और सक्रिय करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। जिला प्रभारी संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित करने के साथ पार्टी के अभियानों और कार्यक्रमों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
पार्टी का फोकस बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए संगठन को तैयार करने पर रहेगा। नई टीम के सामने अलग-अलग जिलों में पार्टी संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने की जिम्मेदारी होगी।



















