(Two youths gunned down in a shooting incident) हरियाणा के झज्जर जिले के ढाकला गांव में बाइक सवार बदमाशों ने दो युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में विकास और बलराम गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले झज्जर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए रोहतक PGI रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को हुई इस वारदात के दौरान अचानक गोलियों की आवाज से गांव में दहशत फैल गई। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों को कई गोलियां लगी हैं।
हथियार लहराते हुए फरार हुए हमलावर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुरानी रंजिश में फायरिंग की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों युवकों की हमलावरों के साथ रंजिश होने की बात सामने आई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही फायरिंग के पीछे की असली वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल गांव में पुलिस तैनात है और मामले की जांच जारी है।













