चेन और ₹30,280 भी ले गई
लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Wife attacked husband: blocked his way with Alto and beat him with baseball bat) लुधियाना के जगराओं इलाके में पारिवारिक विवाद के बीच एक महिला पर अपने पति के साथ मारपीट और लूटपाट का आरोप लगा है। शिकायत के मुताबिक, महिला ने अपनी मां और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पति का रास्ता रोका और उसके साथ मारपीट की।
आरोप है कि हमले के दौरान पीड़ित के गले से सोने की चेन और जेब से 30,280 रुपए नकद भी ले लिए गए। पुलिस ने पत्नी, सास समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑल्टो कार से बाइक रोककर किया हमला
गांव कुलार निवासी कुलदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि 2 अगस्त को वह मोटरसाइकिल से जगराओं से रायकोट की ओर जा रहा था।
अखाड़ा नहर पुल पार करने के बाद पीछे से आई एक सफेद रंग की ऑल्टो कार ने उसकी बाइक के आगे कार लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि कार में उसकी पत्नी अमनदीप कौर, सास परमजीत कौर, तलवंडी राय निवासी आकाशदीप सिंह और एक अज्ञात युवक सवार थे।
सिर पर ईंट से वार, बेसबॉल बैट से बाजू पर हमला
कुलदीप के आरोपों के मुताबिक, कार से उतरने के बाद उसकी पत्नी ने बाइक की चाबी निकाल ली, जबकि सास ने उसका गला पकड़ लिया। इसके बाद कथित तौर पर ईंट से उसके सिर पर वार किया गया।
आरोप है कि आकाशदीप और उसके साथी ने उसे जमीन पर गिरा दिया और बेसबॉल बैट से उसकी बाईं बाजू पर हमला किया। इसके बाद पेट में भी लात-घूंसे मारे गए।
चेन और नकदी ले जाने का आरोप
पीड़ित के मुताबिक, मारपीट के दौरान उसकी सास ने उसके गले से सोने की चेन उतार ली, जबकि पत्नी ने उसकी जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में 30,280 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज बताए गए हैं।
राहगीरों को आता देख आरोपी फरार
कुलदीप ने बताया कि उसने मदद के लिए शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के राहगीर मौके पर पहुंचने लगे।
लोगों को आता देख आरोपी कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देते हुए ऑल्टो कार में बैठकर फरार हो गए। राहगीरों ने घायल कुलदीप को ऑटो के जरिए जगराओं सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज कराया गया।
पुरानी रंजिश का भी लगाया आरोप
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका पत्नी और ससुराल पक्ष के साथ काफी समय से विवाद चल रहा है। उसके मुताबिक, पहले भी पत्नी ने उसके और उसके माता-पिता के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कराया था।
कुलदीप के अनुसार, उस मामले में उसके ससुर ने गवाही दी थी, लेकिन बाद में अदालत ने सुनवाई के बाद उसे और उसके परिवार को बरी कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते उस पर हमला किया गया।
BNS की धाराओं में FIR, आरोपियों की तलाश
मामले की जांच कर रहे ASI मलकीत सिंह के मुताबिक, शुरुआती जांच और मेडिकल रिपोर्ट में पीड़ित के शरीर पर 5 गंभीर चोटों की पुष्टि हुई है।
पुलिस ने कुलदीप के बयानों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अमनदीप कौर, परमजीत कौर, आकाशदीप सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत FIR दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, सोने की चेन और नकदी ले जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया गया है।



















