द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ की एक अदालत ने पीजीआई के अस्पताल अटेंडेंट रोहित कुमार की जमानत याचिका खारिज कर दी है। रोहित पर बिना किसी जरूरत के फार्मेसी स्टोर से 6 लाख रुपये से अधिक कीमत के इंजेक्शन निकालने का आरोप है। यह मामला सेक्टर 11 पुलिस स्टेशन में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को ड्यूटी फार्मासिस्ट संदीप ने जब 45 आईवीआईजी इंजेक्शन के बारे में नर्सिंग अधीक्षक से पुष्टि की, तो पता चला कि ऐसी कोई मांग नहीं की गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 16, 20 और 23 जुलाई को भी इसी तरह इंजेक्शन निकाले थे। अस्पताल प्रशासन द्वारा गठित जांच समिति के सामने रोहित ने स्वीकार किया कि उसने सिस्टम के पासवर्ड का दुरुपयोग कर कुल 110 इंजेक्शन निकाले, जिनकी कीमत 6,96,095 रुपये है। आरोपी के वकील ने दावा किया कि वह केवल वरिष्ठों के आदेश का पालन कर रहा था, लेकिन सरकारी वकील ने जमानत का कड़ा विरोध किया। अदालत ने कहा कि सह-आरोपी दीपक अभी फरार है और चोरी किए गए इंजेक्शन की बरामदगी बाकी है। जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए कोर्ट ने आरोपी को राहत देने से इनकार कर दिया।













