Home accident कैंटर को कट मारने पर डिवाइडर से टकराकर पलटा वाहन, एक घायल

कैंटर को कट मारने पर डिवाइडर से टकराकर पलटा वाहन, एक घायल

जालंधर। राजवीर दीक्षित

(Vehicle overturns after hitting divider while trying to cut across a canter; one injured) जालंधर के फिल्लौर में जीटी रोड पर वैष्णो ढाबे के पास तड़के एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कैंटर को गलत तरीके से कट मार दिया। हादसे से कैंटर चालक का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर से जा टकराया। दुर्घटना में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे राहगीरों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

पौने 3 बजे हुआ हादसा

हादसा गोराया-फिल्लौर जीटी रोड पर तड़के करीब पौने 3 बजे हुआ। कैंटर में चोकर (चूरा) लदा हुआ था और चालक अपने गंतव्य की ओर जा रहा था। चालक के मुताबिक, इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने अचानक गलत कट मार दिया।

टक्कर से बचने की कोशिश में कैंटर चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कैंटर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैंटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें लदा चोकर सड़क पर बिखर गया।

राहगीरों ने घायल चालक को निकाला

हादसे के बाद मौके से गुजर रहे तीन अन्य वाहन चालकों ने इंसानियत दिखाते हुए कैंटर चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे बिना देर किए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

घायल चालक की पहचान जतिंदर कुमार पुत्र रोशन लाल, निवासी नसरा बंधना, चब्बेवाल, होशियारपुर के रूप में हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके पैर में गंभीर चोटें आई हैं और कई टांके लगाए गए हैं। समय पर उपचार मिलने के बाद उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

SSF ने संभाला मोर्चा, हाईवे पर जाम लगने से बचाया

हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बैरिकेडिंग कर सड़क पर फैले चोकर और मलबे को हटवाया तथा क्षतिग्रस्त कैंटर को सड़क किनारे करवाया, जिससे हाईवे पर यातायात प्रभावित न हो।

घटना की जानकारी स्थानीय पुलिस को भी दी गई।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश

SSF की ओर से घटना की जानकारी थाना फिल्लौर पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV कैमरों तथा अन्य सुरागों के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

Translate »
error: Content is protected !!