लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Youth shot after returning from birthday party: Attackers in a Creta shot him in the neck; youth dies, friend injured) लुधियाना में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौट रहे 39 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात सोमवार देर रात थाना कोतवाली क्षेत्र में घंटाघर चौक-12 के पास हुई। क्रेटा कार में आए हमलावरों ने पीछे से फायरिंग की, जिसमें एक गोली युवक की गर्दन में लगी। वह सड़क पर गिर पड़ा और कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। फायरिंग में उसका दोस्त भी घायल हुआ है।
मृतक की पहचान रमिंदर सिंह उर्फ सोनू (39) के रूप में हुई है। वह फोटोग्राफी का काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और दो छोटे बेटे हैं।
पार्टी के बाद खाना खाने जा रहे थे दोस्त
घायल संजीव के मुताबिक, सोमवार को उनके दोस्त सन्नी का जन्मदिन था। पार्टी में संजीव, रमिंदर सिंह समेत चार दोस्त शामिल हुए थे। रात करीब 11:30 से 12 बजे के बीच सभी पार्टी खत्म होने के बाद खाना खाने के लिए घर लौट रहे थे।
JMD मॉल के पास एक एक्टिवा और कार की टक्कर को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था। संजीव ने बताया कि उन्होंने गाड़ी से उतरकर बीच-बचाव किया और मामला शांत करवाया। एक्टिवा सवार युवक भी उसी पार्टी में शामिल हुए थे।
पीछे से आई क्रेटा, कार से ही बरसाईं गोलियां
विवाद शांत होने के बाद चारों दोस्त अपनी गाड़ी में बैठकर घर के लिए रवाना हो गए। इसी दौरान पीछे से एक क्रेटा कार आई। आरोप है कि उसमें सवार हमलावरों ने चलती कार से ही उन पर गोलियां चला दीं।
फायरिंग में रमिंदर की गर्दन में गोली लगी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वहीं संजीव के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गया। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
दो छोटे बच्चों का पिता था रमिंदर
रमिंदर शादीशुदा था और उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा 8 साल का, जबकि छोटा बेटा महज 2 साल का है। उसकी पत्नी गृहिणी है। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है। रमिंदर की मां फैक्ट्री में काम करती हैं, जबकि उसके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि क्रेटा कार और हमलावरों की पहचान हो सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए जांच तेज कर दी गई है। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान पुलिस जांच का अहम हिस्सा बनी हुई है।



















