ऊना । राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के ऊना के नंगल खुर्द में 11 अगस्त को हुए सड़क हादसे में 26 वर्षीय बाइक सवार प्रशांत चौधरी की मौत के मामले में चार दिन बाद सनसनीखेज खुलासा हुआ है। शुरुआत में हादसे की वजह सड़क पर आवारा सांड से बाइक की टक्कर बताई जा रही थी, लेकिन पुलिस जांच में कहानी कुछ और ही निकली। प्रत्यक्षदर्शी के बयान और जांच के दौरान सामने आया कि बाइक को पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मारी थी। इतना ही नहीं, CCTV फुटेज में भी संदिग्ध ट्रक हादसे के बाद हरोली की ओर जाता दिखाई दिया। पुलिस को बाइक के पिछले हिस्से पर टायर के निशान भी मिले हैं, जिससे ट्रक की टक्कर की आशंका और मजबूत हुई। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक और मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अब CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। इस हादसे ने सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं की सही जांच को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।



















