Home Himachal Pradesh सड़क बहाली में अब देरी नहीं! CM सुक्खू ने तय की 10...

सड़क बहाली में अब देरी नहीं! CM सुक्खू ने तय की 10 दिन की डेडलाइन

शिमला । राजवीर दीक्षित

(No more delays in road restoration! CM Sukhu sets a 10-day deadline) हिमाचल प्रदेश के रोहरू विधानसभा क्षेत्र में हालिया भूस्खलन के कारण बंद हुई जांगलिक सड़क को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर सड़क को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करने के सख्त निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को टंगनु-जांगलिक पंचायत क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने खुद मौके पर पहुंचकर भूस्खलन से प्रभावित सड़क का निरीक्षण किया और अधिकारियों से मौजूदा स्थिति की जानकारी ली।

सड़क बंद होने के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ बागवानों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों से बातचीत करते हुए उन्हें जल्द सड़क बहाल करने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क बहाल होना क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद जरूरी है, खासकर बागवानों के लिए, जिनकी रोजमर्रा की गतिविधियां और उपज की आवाजाही सड़क व्यवस्था पर निर्भर करती है।

इसी दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने जांगलिक पुल के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अतिरिक्त 4 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा थेंटवाड़ी गांव के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र के लिए 2 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत, पुनर्बहाली और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द राहत मिल सके।

सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हालात सामान्य करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रभावित परिवारों को राहत और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि चल रहे राहत एवं बहाली कार्यों की लगातार निगरानी की जाए और जहां अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत हो, वहां तत्काल कदम उठाए जाएं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने गुरुवार को ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रोहरू के भटवारी गांव का दौरा किया था। यहां उन्होंने ग्रामीणों की शिकायतें और समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दिउड़ी ग्राम पंचायत के प्रधान प्रशांत लाल के घर रात भी बिताई।

वहीं, शुक्रवार को रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने कुल 232.93 करोड़ रुपये की लागत वाली 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इस मौके पर रोहरू के विधायक मोहन लाल ब्रकटा, रामपुर के विधायक नंद लाल और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!