Home Himachal Pradesh वोटर लिस्ट में संशोधन के खिलाफ सड़कों पर उतरी CPM, मंडी में...

वोटर लिस्ट में संशोधन के खिलाफ सड़कों पर उतरी CPM, मंडी में प्रदर्शन

मंडी । राजवीर दीक्षित

(CPM takes to the streets against voter list revision; protest held in Mandi) मंडी जिले में वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविज़न यानी SIR को लेकर विवाद गहराता दिखाई दे रहा है। शुक्रवार को बाली चौकी इलाके में CPM कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

ठाटा से लेकर सुधरानी, बूँग, जेहलगाड़ और पंजई तक कई ग्राम पंचायतों में CPM कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाज़ी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।

CPM बाली चौकी लोकल कमिटी के सचिव महेंद्र सिंह राणा ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। राणा ने कहा कि चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया संवैधानिक प्रावधानों के खिलाफ है।

उनका दावा है कि फॉर्म-6 और SIR प्रक्रिया के चलते बड़ी संख्या में नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित हो सकते हैं।

CPM नेताओं ने वोटर लिस्ट तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को केंद्रीयकृत किया गया है। CPM नेताओं के मुताबिक, दो चुनाव आयुक्तों ने कैबिनेट सचिव को पत्र लिखकर इस प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंता जाहिर की थी।

इसके साथ ही CPM नेताओं ने कहा कि INDIA गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है। पार्टी नेताओं के अनुसार, विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग भी करेंगे।

वहीं महेंद्र सिंह राणा ने संकेत दिया कि बाली चौकी में यह विरोध यहीं खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में CPM की बाली चौकी लोकल कमिटी अन्य ग्राम पंचायतों में भी विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी।प्रदर्शन के दौरान इंदर सिंह, देवेंद्र कुमार, गोपाल सिंह और नारायण सिंह भी मौजूद रहे।

Translate »
error: Content is protected !!