दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Major setback for India at the Asian Games; key athlete out of the competition) भारत के स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा को चोट के कारण बड़ा झटका लगा है। नीरज ने शनिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि ट्रेनिंग के दौरान उनके टखने का लिगामेंट फट गया है। इस चोट के चलते वह सितंबर में होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
चोट की वजह से नीरज डायमंड लीग फाइनल और पहली वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप से भी बाहर हो गए हैं। डायमंड लीग फाइनल 5 सितंबर को ब्रसेल्स में, जबकि वर्ल्ड अल्टीमेट चैंपियनशिप 11 से 13 सितंबर तक बुडापेस्ट में होनी है।
लॉजेन में 88.05 मीटर थ्रो के बाद लगी चोट
नीरज ने बताया कि लॉजेन डायमंड लीग में सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ 88.05 मीटर का थ्रो करने के कुछ समय बाद उन्हें ट्रेनिंग के दौरान टखने में चोट लगी। जांच में लिगामेंट फटने की पुष्टि हुई।
उन्होंने कहा कि काफी मेहनत के बाद वह अपनी लय हासिल करने के करीब पहुंच रहे थे और लॉजेन का प्रदर्शन इसका संकेत था। लेकिन चोट के कारण उन्हें अब सीजन के महत्वपूर्ण मुकाबलों से बाहर होना पड़ेगा।
डायमंड लीग फाइनल के लिए कर चुके थे क्वालिफाई
नीरज ने इस सीजन में दो डायमंड लीग मुकाबले खेले और दोनों में दूसरे स्थान पर रहे। दोहा में 19 जून और लॉजेन में 21 अगस्त को दूसरे स्थान पर रहने से उन्हें कुल 12 अंक मिले।
इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालिफाई किया था। अब चोट के कारण वह 5 सितंबर को ब्रसेल्स में होने वाले फाइनल में नजर नहीं आएंगे।
पीठ की चोट के बाद की थी वापसी
नीरज पिछले साल सितंबर से लोअर बैक इंजरी से परेशान थे। इसी वजह से उनके 2026 सीजन की शुरुआत भी देर से हुई। उन्होंने दोहा डायमंड लीग के जरिए प्रतियोगिता में वापसी की थी।
इसके बाद ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वह पूरी तरह फिट नहीं थे। इसके बावजूद उन्होंने 85.83 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता था।
एशियन गेम्स में दो गोल्ड जीत चुके हैं नीरज
नीरज चोपड़ा ने 2018 जकार्ता और 2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भारत के लिए गोल्ड मेडल जीता था। ओलिंपिक में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। टोक्यो 2021 में उन्होंने गोल्ड, जबकि पेरिस 2024 में सिल्वर मेडल हासिल किया।
2023 बुडापेस्ट वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतकर नीरज एथलेटिक्स वर्ल्ड चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे। अब टखने की चोट के चलते उनके प्रशंसकों को अगले मुकाबलों में उनकी वापसी का इंतजार रहेगा।



















