फरीदाबाद। राजवीर दीक्षित
(Class 11 student falls from school’s third floor; teacher accused) गाजीपुर रोड स्थित नवोदय विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार को 11वीं कक्षा की 16 वर्षीय छात्रा जानवी की मौत हो गई। छात्रा स्कूल की तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। स्कूल स्टाफ उसे अस्पताल लेकर जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद छात्रा के पिता प्रमोद कुमार ने एक शिक्षिका पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि छात्राओं के बीच हुए विवाद में उनकी बेटी की कोई भूमिका नहीं थी, फिर भी उसे कथित तौर पर करीब चार घंटे तक कक्षा के बाहर खड़ा रखा गया। पिता का दावा है कि इस घटना से बेटी काफी आहत थी।
हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने इन आरोपों से इनकार किया है। प्रिंसिपल आरपी शर्मा का कहना है कि छात्रा को किसी तरह की सजा नहीं दी गई थी और वह वॉशरूम जाने की बात कहकर कक्षा से बाहर निकली थी।
छात्राओं के विवाद में सजा देने का आरोप
पिता प्रमोद कुमार के मुताबिक, मंगलवार को स्कूल में कुछ छात्राओं के बीच विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि उनकी बेटी इस विवाद में शामिल नहीं थी, लेकिन इसके बावजूद शिक्षिका ने उसे दंड दिया।
पिता का कहना है कि जानवी को कई घंटे तक बाहर खड़ा रखा गया। इसी को लेकर वह मानसिक रूप से परेशान हुई। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
स्कूल ने आरोपों को बताया गलत
स्कूल प्रबंधन ने छात्रा को सजा दिए जाने की बात को खारिज किया है। प्रिंसिपल आरपी शर्मा के अनुसार, जानवी कक्षा में मौजूद थी और वॉशरूम जाने की बात कहकर बाहर निकली थी। इसके बाद वह स्कूल की तीसरी मंजिल तक पहुंच गई।
घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। स्टाफ ने छात्रा को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अस्पताल जाकर भी जानकारी जुटाई।
पुलिस के मुताबिक, अभी छात्रा की मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है। परिजनों की ओर से फिलहाल लिखित शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों और छात्रा के परिजनों से जानकारी जुटा रही है। साथ ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।


















