पंचकूला। राजवीर दीक्षित
(Massive fire at PCB plant, goods and machinery worth crores reduced to ashes) पंचकूला जिले के बरवाला स्थित अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया में बुधवार को एक PCB प्लांट में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। ICL कंपनी के प्लांट नंबर-1 और 2 में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और दोनों प्लांटों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्लांट में प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक सामान के साथ बड़ी संख्या में महंगी मशीनरी और कच्चा माल रखा था। आग की चपेट में आने से फैक्ट्री मालिक रजनीश गर्ग को करोड़ों रुपये के नुकसान का शुरुआती अनुमान है।
प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक सामान से भड़की आग
जानकारी के मुताबिक आग लगने की शुरुआती वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। प्लांट में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार दिखाई देने लगा।
आग की सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया में अफरा-तफरी मच गई। आसपास की फैक्ट्रियों तक आग पहुंचने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया।
4 शहरों से पहुंचीं करीब 15 दमकल गाड़ियां
आग पर काबू पाने के लिए स्थानीय फायर ब्रिगेड के अलावा पंचकूला, डेराबस्सी, चंडीगढ़ और नारायणगढ़ से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं। करीब 15 फायर टेंडरों की मदद से कर्मचारियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया।
पंचकूला कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
दोनों प्लांटों में भारी नुकसान
ICL के दोनों प्लांट एक ही मालिक रजनीश गर्ग के बताए जा रहे हैं। यहां प्रिंटेड सर्किट बोर्ड (PCB) से जुड़ी चिप और इलेक्ट्रॉनिक सामग्री का काम होता था।
आग से प्लांट में रखी महंगी मशीनरी, कच्चा माल और तैयार सामान बुरी तरह प्रभावित हुआ है। शुरुआती आकलन में नुकसान करोड़ों रुपये का बताया जा रहा है। हालांकि, आग से हुए कुल नुकसान का सही आंकड़ा जांच और निरीक्षण के बाद ही सामने आएगा।
समय रहते आग पर पाया काबू, बड़ा हादसा टला
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग को आसपास की अन्य औद्योगिक इकाइयों तक फैलने से रोक लिया गया। इससे इंडस्ट्रियल एरिया में एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।


















