जालंधर। राजवीर दीक्षित
(Political twist in Punjab: AAP leader joins BJP) जालंधर नॉर्थ विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया।
भाजपा में शामिल होने से पहले दिनेश ढल्ल ने होटल रेडिसन में प्रदेश भाजपा नेतृत्व से मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने पार्टी में शामिल होने की इच्छा जताई और औपचारिक रूप से भाजपा का हिस्सा बन गए।
हलका इंचार्ज पद से हटने के बाद नाराजगी की चर्चा
दिनेश ढल्ल को जालंधर नॉर्थ में AAP का हलका इंचार्ज बनाया गया था। बाद में जालंधर सेंट्रल के मेयर विनीत धीर को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी दिए जाने के बाद से ढल्ल की पार्टी नेतृत्व से नाराजगी की चर्चाएं सामने आने लगी थीं।
हलका इंचार्ज पद से हटाए जाने के बाद एक इंटरव्यू में भी ढल्ल ने संकेत दिया था कि वह आगे कोई बड़ा राजनीतिक फैसला ले सकते हैं। अब उनके भाजपा में शामिल होने के बाद जालंधर की सियासत में नई हलचल शुरू हो गई है।
MLA रमन अरोड़ा के BJP में जाने की भी चर्चा
दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने के साथ ही जालंधर सेंट्रल की राजनीति को लेकर भी अटकलें तेज हो गई हैं। सियासी गलियारों में चर्चा है कि AAP विधायक रमन अरोड़ा भी भाजपा का रुख कर सकते हैं।
हालांकि, रमन अरोड़ा की ओर से भाजपा में शामिल होने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह चर्चा अभी राजनीतिक अटकलों तक ही सीमित है।
एक दिन पहले AAP ने 13 नेताओं-वर्करों को जोड़ा था
दिलचस्प बात यह है कि दिनेश ढल्ल के भाजपा में शामिल होने से ठीक एक दिन पहले AAP ने जालंधर नॉर्थ में भाजपा, कांग्रेस और अकाली दल से जुड़े 13 वर्करों को पार्टी में शामिल करने का दावा किया था।
AAP की ओर से कहा गया था कि इन पार्टियों से लंबे समय से जुड़े कई लोगों और परिवारों ने पुरानी पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा है। यह जॉइनिंग पंजाब CM के OSD राजबीर सिंह घुम्मन की अगुवाई और हलका इंचार्ज व मेयर विनीत धीर के दिशा-निर्देशों में हुई थी।
अब पूर्व हलका इंचार्ज दिनेश ढल्ल के BJP में जाने से जालंधर नॉर्थ में AAP के लिए यह बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। आने वाले दिनों में यहां और नेताओं के पाला बदलने की अटकलों पर भी नजर रहेगी।



















