Home Himachal Pradesh सिरमौर में रूण नदी के बहाव में फंसे बुजुर्ग और कर्मचारी, सेना...

सिरमौर में रूण नदी के बहाव में फंसे बुजुर्ग और कर्मचारी, सेना ने किया रेस्क्यू

सिरमौर । राजवीर दीक्षित

(Elderly person and employee stranded in the flow of the Run River in Sirmaur; Army carries out rescue)सिरमौर में उफनती नदी के बीच फंसे बुजुर्ग के रेस्क्यू में करीब 5 घंटे लग गए। पहले रस्सी के सहारे उन्हें बचाने पहुंचे जलशक्ति विभाग के कर्मचारी की जान भी खतरे में पड़ गई। बाद में सेना के हेलीकॉप्टर की मदद से बुजुर्ग को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन अंधेरा छाने के कारण कर्मचारी का रेस्क्यू नहीं हो पाया।

रूण नदी का बढ़ा जलस्तर, बीच नदी में फंसा बुजुर्ग
भारी बारिश के चलते रूण नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे एक बुजुर्ग नदी के बीच फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, फायर ब्रिगेड और बचाव दल ने मोर्चा संभाला। तेज पानी के बहाव के कारण सामान्य रास्ते से रेस्क्यू करना मुश्किल हो गया।

मुश्किल में फंसी जिंदगी, सेना बनी आखिरी उम्मीद
बुजुर्ग को नदी के तेज बहाव से बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम ने हरसंभव प्रयास किया। ड्रोन के जरिए भी बचाव अभियान चलाने की कोशिश की गई, लेकिन हालात अनुकूल नहीं होने के कारण यह प्रयास विफल रहा। इसके बाद सेना की सहायता ली गई। रात के अंधेरे में हेलिकॉप्टर के साथ पहुंची आर्मी टीम ने मोर्चा संभाला। जवानों ने सावधानी और साहस के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया और बुजुर्ग को सुरक्षित निकालने में कामयाबी हासिल की।

रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर नेताओं ने संभाला मोर्चा
नाहन क्षेत्र में नदी के बहाव में व्यक्ति के फंसने की सूचना मिलते ही राजनीतिक प्रतिनिधि भी सक्रिय हो गए। विधायक अजय सोलंकी ने मुख्यमंत्री से संपर्क कर व्यक्ति को सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर की सहायता मांगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने भी मुख्यमंत्री को आपातकालीन कॉल कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में सबसे प्राथमिकता व्यक्ति की जान बचाना है और प्रशासन की ओर से तत्काल कदम उठाना जरूरी है।

वायु सेना ने बचाई बुजुर्ग की जान, अब सहारनपुर से नाहन पहुंचाएंगे एसडीएम
सिरमौर में नदी के तेज बहाव के बीच फंसे बनारसी दास को भारतीय वायु सेना ने एयरलिफ्ट कर सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उन्हें सहारनपुर के सेना अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। एसडीएम नाहन राजीव संख्यान ने बताया कि बुधवार को उपचार के बाद एसडीएम सहारनपुर बनारसी दास को अपने सुपुर्द लेंगे और उन्हें सुरक्षित नाहन पहुंचाएंगे। इस पूरे अभियान में प्रशासन, सेना और स्थानीय लोगों के बीच बेहतर समन्वय देखने को मिला। मौके पर डीसी सिरमौर प्रियंका वर्मा भी मौजूद रहीं। समय पर मिले रेस्क्यू और चिकित्सा सहयोग से बुजुर्ग को बड़ी राहत मिली।

Translate »
error: Content is protected !!