Home crime हिमाचल: नूरपुर में जातिगत उत्पीड़न पीड़ित परिवार से मिले SC आयोग के...

हिमाचल: नूरपुर में जातिगत उत्पीड़न पीड़ित परिवार से मिले SC आयोग के सदस्य

नूरपुर । राजवीर दीक्षित

(Himachal: SC Commission member meets family of caste-based harassment victim in Nurpur)नडाई गांव में SC युवक के साथ कथित जातीय उत्पीड़न और हिंसा के मामले में अब अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा ने मौके पर पहुंचकर घटना की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कथित तौर पर जलाई गई मोटरसाइकिल वाली जगह का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। परिवार ने घटना के बाद खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कही। इस पर मल्होत्रा ने पुलिस को परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा फरार आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने परिवार को आश्वस्त किया कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मीडियाकर्मियों से बातचीत करते हुए मल्होत्रा ने कहा कि घटना के बाद नूरपुर जिला पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की, वह संतोषजनक है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच निष्पक्ष और गंभीरता से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई। मल्होत्रा ने कहा कि अपराध में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए और दोष साबित होने पर उन्हें कानून के अनुसार सजा मिलनी चाहिए।

ड्यूटी से घर लौटे अस्पताल टेक्नीशियन के साथ कथित जातिगत दुर्व्यवहार और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 29 अगस्त की शाम की बताई जा रही है। पीड़ित के अनुसार, घर पहुंचने के बाद तीन स्थानीय युवकों ने उसे घेर लिया और विवाद के दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर कथित तौर पर अपमानित किया।

पीड़ित के माता-पिता जब बेटे को बचाने के लिए आगे आए तो आरोप है कि उन्हें भी धमकियां दी गईं। इसके बाद घर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। इतना ही नहीं, आरोपियों पर पूरे समुदाय को धमकाने का भी आरोप है। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भयभीत परिवार को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने एससी-एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(s) और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मामले में शामिल तीन आरोपियों में से पुलिस ने दो की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। नूरपुर की SP इल्मा अफरोज ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों से मामले की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि नूरपुर के DSP को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। साथ ही, पीड़ित को नियमानुसार मुआवजा दिलाने के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा गया है।

Translate »
error: Content is protected !!