जालंधर । राजवीर दीक्षित
भगवान वाल्मीकि शक्ति क्रांति सेना पंजाब और भीम क्रांति सेना के आह्वान पर कई संगठनों ने गुरुवार को जालंधर में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बंद का ऐलान किया है।
हालांकि, संगठनों ने स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोर खुले रहेंगे।
लुधियाना के बाईपास चौक पर डॉ. बी.आर. आंबेडकर की प्रतिमा के कथित अपमान को लेकर पंजाबभर में रोष है। इसी के चलते बुधवार को लुधियाना में बंद रहा, जबकि जालंधर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
आरोप है कि कुछ शरारती तत्वों ने लुधियाना में डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला डाल दी थी।
घटना के बाद दलित और आंबेडकरवादी संगठनों के साथ-साथ विभिन्न राजनीतिक दलों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इस घटना का असर जालंधर में भी देखने को मिला। मंगलवार रात बीजेपी जिला अध्यक्ष अशोक सरीन हिक्की, वरिष्ठ नेता मनोरंजन कालिया सहित अन्य नेताओं ने आंबेडकर चौक पर प्रदर्शन किया।
नेताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को जिला कांग्रेस शहरी इकाई के सदस्यों ने भगवान वाल्मीकि चौक पर धरना दिया और वहां से आंबेडकर चौक तक मार्च निकाला।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजिंदर बेरी ने लुधियाना की घटना को बेहद निंदनीय बताते हुए पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।
उन्होंने जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।
दोआबा क्षेत्र में दलित संगठनों के प्रमुख केंद्र जालंधर में डॉ. आंबेडकर की कई प्रतिमाएं हैं।
अतीत में जालंधर और फिल्लौर में भी प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इसके बाद कई प्रतिमाओं को कांच के सुरक्षा कवच में रखा गया है।
लुधियाना की घटना के बाद जालंधर में आंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मंगलवार रात आंबेडकर चौक स्थित प्रतिमा पर भी अतिरिक्त सुरक्षा तैनात की गई थी।
जालंधर ग्रामीण के एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बड़े स्तर पर बंद की संभावना नहीं है।
हालांकि, लुधियाना की घटना को देखते हुए पुलिस टीमें अलर्ट हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में आंबेडकर प्रतिमाओं के आसपास कड़ी निगरानी रखी जा रही है और पेट्रोलिंग तथा ईआरवी टीमें लगातार तैनात हैं।



















