नई दिल्ली। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(BJP announces in-charges for its seven wings) भारतीय जनता पार्टी ने अपने सात प्रमुख मोर्चों के प्रभारियों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने युवा, महिला, अनुसूचित जाति (SC), OBC, किसान, अनुसूचित जनजाति (ST) और अल्पसंख्यक मोर्चों की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेताओं को सौंपी है। नई नियुक्तियों के जरिए संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने की तैयारी है।
भाजपा ने हरीश द्विवेदी को युवा मोर्चा और डी. पुरंदेश्वरी को महिला मोर्चा का प्रभारी बनाया है। वहीं सतीश पूनिया को ST मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है। संजय भाटिया को SC मोर्चा, बैजयंत पांडा को OBC मोर्चा, लाल सिंह आर्या को किसान मोर्चा और गजेंद्र सिंह पटेल को अल्पसंख्यक मोर्चे का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
मोर्चों की नई टीम तैयार करने की जिम्मेदारी
नियुक्त किए गए प्रभारी संबंधित मोर्चों की संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के साथ नई कार्यकारिणी के गठन में अहम भूमिका निभाएंगे। उन्हें मोर्चा अध्यक्षों के साथ समन्वय कर प्रदेश स्तर पर पदाधिकारियों और टीम के गठन में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
इन नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी
हरीश द्विवेदी: उत्तर प्रदेश के बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं। 2014 और 2019 में चुनाव जीतने के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
डी. पुरंदेश्वरी: आंध्र प्रदेश की वरिष्ठ भाजपा नेता हैं। कांग्रेस में भी रह चुकी हैं और केंद्र में मंत्री पद संभाल चुकी हैं। वह दो बार लोकसभा सदस्य रही हैं और भाजपा की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष भी रह चुकी हैं।
सतीश पूनिया: राजस्थान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। आमेर से विधायक रहे पूनिया विधानसभा में डिप्टी लीडर ऑफ अपोजिशन की भूमिका भी निभा चुके हैं।
संजय भाटिया: 2019 में करनाल से लोकसभा सांसद चुने गए थे। भाजपा हरियाणा के प्रदेश महासचिव रह चुके हैं और 2026 में राज्यसभा पहुंचे।
बैजयंत पांडा: ओडिशा के केंद्रापाड़ा से लोकसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हैं। इससे पहले BJD से राज्यसभा और लोकसभा सांसद रह चुके हैं।
लाल सिंह आर्या: मध्य प्रदेश के गोहद से कई बार विधायक रहे हैं और शिवराज सिंह चौहान सरकार में मंत्री रह चुके हैं। भाजपा SC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
गजेंद्र सिंह पटेल: मध्य प्रदेश के खरगोन से लोकसभा सांसद हैं। 2019 और 2024 में खरगोन से चुनाव जीत चुके हैं।
नई राष्ट्रीय टीम में 65 सदस्य
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। इसमें कुल 65 सदस्य शामिल हैं। इनमें 12 महिला सदस्य हैं, जबकि 14 नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी दी गई है। बाकी 51 सदस्य नई टीम में शामिल किए गए हैं।
भाजपा की इन नियुक्तियों को संगठन को विस्तार देने और अलग-अलग सामाजिक वर्गों के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।



















