Home Crime बेटे के सामने पिता की हत्या, 6 सेकेंड में चली गोली और...

बेटे के सामने पिता की हत्या, 6 सेकेंड में चली गोली और जिंदगी खत्म

गुरुग्राम। राजवीर दीक्षित 

(Father murdered in front of his son; a shot fired in six seconds, and a life was lost) गुरुग्राम में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने बेटे के सामने उसके पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें गोली चलने के करीब 6 सेकेंड बाद महेंद्र सड़क पर गिरते दिखाई दे रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का शक है।

पीछा कर बाइक रुकवाई, पेट से सटाकर मारी गोली

जानकारी के मुताबिक, महेंद्र (40) अपने बेटे साहिल के साथ गुरुवार सुबह करीब 9 बजे बाइक से काम पर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से पल्सर बाइक पर आए तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि एक बदमाश ने पिस्टल निकालकर महेंद्र के पेट से सटाकर गोली चला दी। फायरिंग के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। साहिल के मुताबिक, हमलावर असल में उसे निशाना बनाने आए थे, लेकिन गोली उसके पिता को लग गई।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

सामने आए CCTV फुटेज में पिता-पुत्र बाइक से सड़क पर जाते नजर आते हैं। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई देती है। इसके करीब छह सेकेंड बाद बाइक चला रहे महेंद्र सड़क पर गिर जाते हैं। पीछे बैठा बेटा तुरंत उन्हें उठाने की कोशिश करता है।

वारदात के बाद आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महेंद्र को सेक्टर-10 सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला होने का शक

साहिल ने पुलिस को बताया कि आरोपियों के साथ उसकी जनवरी 2025 से रंजिश चल रही है। उसने देव, बंटी और एक अन्य युवक पर वारदात में शामिल होने का आरोप लगाया है। इनमें से एक आरोपी ने चेहरा ढका हुआ था।

साहिल का दावा है कि आरोपियों का उसके साथ पहले भी विवाद और मारपीट हो चुकी है। इसी रंजिश के चलते वह मानता है कि बदमाश उसे मारने आए थे।

बेटा पहले से मर्डर केस में जेल में

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि महेंद्र का दूसरा बेटा प्रियांशु एक हत्या के मामले में जेल में बंद है। जनवरी 2025 में ‘बडी’ नाम के किशोर की हत्या हुई थी और इस मामले में प्रियांशु आरोपी है।

परिजनों को आशंका है कि इसी पुराने मामले से जुड़ी रंजिश में महेंद्र की हत्या की गई है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।

कुछ आरोपियों की पहचान, तलाश में दबिश

DCP वेस्ट YVR शशि शेखर के मुताबिक, सूचना मिलते ही सेक्टर-9 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला रंजिश से जुड़ा सामने आया है। कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!