Home Drugs हर मेडिकल स्टोर पर CCTV अनिवार्य करने के प्रस्ताव पर AIOCD ने...

हर मेडिकल स्टोर पर CCTV अनिवार्य करने के प्रस्ताव पर AIOCD ने जताई चिंता

नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित

(AIOCD expresses concern over the proposal to make CCTV mandatory at every medical store) देशभर के मेडिकल स्टोर और फार्मेसी पर CCTV कैमरे, DVR/NVR सिस्टम और संबंधित निगरानी व्यवस्था अनिवार्य किए जाने के प्रस्ताव को लेकर ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स (AIOCD) ने पुनर्विचार की मांग की है। संगठन का कहना है कि प्रस्तावित व्यवस्था का सबसे अधिक आर्थिक असर छोटे और मध्यम स्तर के केमिस्टों पर पड़ सकता है।

AIOCD के अध्यक्ष जे.एस. शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि देशभर में लाखों केमिस्ट प्रतिदिन नागरिकों को सुरक्षित और वैधानिक रूप से दवाइयां उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं। संगठन के अनुसार, एक मेडिकल स्टोर पर 6 से 8 CCTV कैमरे लगाने के साथ DVR/NVR, स्टोरेज, वायरिंग, इंटरनेट और रखरखाव की व्यवस्था करने पर करीब 50 हजार रुपये से एक लाख रुपये या इससे अधिक का खर्च आ सकता है।

AIOCD ने कहा कि ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में बिजली की अनियमितता, कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी और प्रशिक्षित तकनीकी कर्मचारियों की कमी के कारण 24 घंटे CCTV रिकॉर्डिंग बनाए रखना व्यावहारिक चुनौती हो सकता है। संगठन ने विशेष रूप से छोटे गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर क्षेत्रों में सभी मेडिकल स्टोरों पर एक समान व्यवस्था लागू करने पर विचार करने की मांग की है।

संगठन ने सरकार से अनुरोध किया है कि यदि CCTV निगरानी को सार्वजनिक सुरक्षा और नियामकीय दृष्टि से आवश्यक माना जाता है, तो इसके लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा अथवा वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने पर विचार किया जाए। AIOCD ने कहा कि अन्यथा CCTV व्यवस्था को व्यावहारिक और अनुपातिक विकल्पों के साथ लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए।

AIOCD ने कहा कि केमिस्ट समुदाय सरकार के साथ सहयोग करता रहा है और भविष्य में भी जनता को दवाइयों की निर्बाध एवं सुरक्षित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सहयोग जारी रखेगा। साथ ही, संगठन ने नए अनुपालन नियम तय करते समय छोटे केमिस्टों की वास्तविक आर्थिक और तकनीकी चुनौतियों को ध्यान में रखने की अपील की है।

Translate »
error: Content is protected !!