Home crime पंजाब में नशा तस्कर की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर; पहले भी हैं...

पंजाब में नशा तस्कर की प्रॉपर्टी पर चला बुलडोजर; पहले भी हैं दस मामले दर्ज

अमृतसर। राजवीर दीक्षित

अमृतसर में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस और नगर निगम ने एक और सख्त कार्रवाई की है। थाना मकबूलपुरा क्षेत्र में पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार नशा तस्करी से जुड़े आरोपी अर्शदीप सिंह की प्रॉपर्टी पर नगर निगम की टीम ने डिमोलेशन की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान किसी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस के मुताबिक अर्शदीप सिंह के खिलाफ करीब 10 मामले दर्ज हैं। इनमें अधिकांश मामले NDPS एक्ट से संबंधित बताए जा रहे हैं। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला भी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

पुलिस कमिश्नर ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

अमृतसर के पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल खुद मौके पर पहुंचे और नगर निगम की कार्रवाई का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि संबंधित प्रॉपर्टी को लेकर नगर निगम की ओर से पहले नोटिस जारी करने और आवश्यक जांच की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बाद नियमों के तहत डिमोलेशन की कार्रवाई की गई। पुलिस ने नगर निगम की टीम को सुरक्षा उपलब्ध करवाई, जिसके बाद कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा

सीपी हरमनबीर सिंह गिल ने कहा कि अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस की ओर से नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, इस साल अब तक NDPS एक्ट के तहत 2,100 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस दौरान हेरोइन, आइस और अन्य नशीले पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस नशा तस्करों, हिस्ट्रीशीटरों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर विशेष नजर रख रही है।

सबूत मिले तो अन्य लोगों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है और उसके खिलाफ पुख्ता सबूत मिलते हैं, तो उसके खिलाफ भी कानून के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों से इस धंधे से बाहर निकलने की अपील करते हुए कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Translate »
error: Content is protected !!