Home Crime रेलवे स्टेशन पर होमगार्ड की दबंगई! महिला को बाल पकड़कर घसीटा, VIDEO...

रेलवे स्टेशन पर होमगार्ड की दबंगई! महिला को बाल पकड़कर घसीटा, VIDEO वायरल

हैदराबाद। टारगेट न्यूज नेटवर्क

(Home Guard’s high-handedness at railway station! Woman dragged by her hair; video goes viral) हैदराबाद के हाफिजपेट रेलवे स्टेशन पर एक महिला के साथ होमगार्ड की कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो में होमगार्ड महिला को पीटते और उसके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटते नजर आ रहा है।

घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद साइबराबाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया। उसे ड्यूटी से भी हटा दिया गया है।

महिला से बहस के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, आरोपी होमगार्ड की ड्यूटी रेलवे स्टेशन पर थी। महिला वहां कचरा बीनने का काम करती है। बताया गया कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। पुलिस के अनुसार, महिला ने कथित तौर पर होमगार्ड को गाली दी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और उसने महिला के साथ मारपीट की।

थाने में केस दर्ज, कोर्ट में पेशी

साइबराबाद पुलिस कमिश्नर एम. रमेश के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मियापुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस उसे न्यायिक हिरासत के लिए कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।

रेलवे ने भी की कार्रवाई

साउथ सेंट्रल रेलवे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि जांच के बाद आरोपी की पहचान तेलंगाना स्टेट पुलिस के होमगार्ड के तौर पर हुई। रेलवे की ओर से उसे आगे की विभागीय कार्रवाई के लिए तेलंगाना स्टेट पुलिस को भेज दिया गया है।

पुलिस बोली- नागरिकों की गरिमा जरूरी

पुलिस ने कहा कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लिया जाता है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ हर नागरिक के साथ सम्मान और गरिमा से पेश आना पुलिस की जिम्मेदारी है।

Translate »
error: Content is protected !!