Home Crime पेपर लीक के बाद SI भर्ती परीक्षा फिर से, 2.18 लाख अभ्यर्थी...

पेपर लीक के बाद SI भर्ती परीक्षा फिर से, 2.18 लाख अभ्यर्थी देंगे एग्जाम;

अजमेर। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

(SI recruitment exam to be held again following paper leak; 2.18 lakh candidates to take the test) पेपर लीक के कारण रद्द हुई SI भर्ती परीक्षा-2021 अब रविवार को दोबारा आयोजित होगी। अजमेर समेत राजस्थान के 11 जिलों में होने वाली इस परीक्षा में 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जाएगी।

पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी।

OMR में 5वां विकल्प भरना अनिवार्य

इस बार परीक्षा में OMR शीट को लेकर खास नियम लागू किया गया है। यदि अभ्यर्थी किसी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता है, तो उसे 5वां विकल्प यानी ‘अनुत्तरित’ वाला गोला भरना अनिवार्य होगा।

इस प्रक्रिया के लिए प्रत्येक पेपर में 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा। आयोग ने इस संबंध में अपनी वेबसाइट पर शुद्धि पत्र भी जारी किया है।

11 जिलों में 666 परीक्षा केंद्र

परीक्षा के लिए प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 187 केंद्र जयपुर में हैं।

  • पहली पारी: सामान्य हिंदी
  • दूसरी पारी: सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान
  • परीक्षा: दो पारियों में

डमी कैंडिडेट रोकने के लिए कड़ी निगरानी

परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थियों और डमी कैंडिडेट की एंट्री रोकने के लिए इस बार बहुस्तरीय पहचान सत्यापन किया जाएगा। अभ्यर्थियों का फेस रिकग्निशन, थंब इंप्रेशन और बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन से सत्यापन होगा।

प्रवेश के दौरान हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच की जाएगी। ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट ग्लास समेत हाईटेक इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर विशेष निगरानी रहेगी। मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे।

डिबार अभ्यर्थियों पर SOG-ATS की नजर

परीक्षा में पहले डिबार किए गए अभ्यर्थियों पर SOG और ATS की विशेष निगरानी रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस और प्रशासन की तैनाती के साथ वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

फर्जीवाड़ा, गलत गतिविधि या डमी अभ्यर्थी बैठाने की कोशिश सामने आने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम-2022 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

पहले 7.97 लाख ने किया था आवेदन

SI भर्ती परीक्षा-2021 का विज्ञापन 3 फरवरी 2021 को जारी हुआ था। भर्ती के लिए करीब 7 लाख 97 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। सितंबर 2021 में हुई परीक्षा में 3 लाख 83 हजार 97 अभ्यर्थी शामिल हुए थे।

पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द कर दी गई थी। बाद में री-एग्जाम का फैसला हुआ। शुरुआत में केवल पहले परीक्षा दे चुके अभ्यर्थियों को मौका देने का निर्णय लिया गया था, लेकिन बाद में सभी पात्र अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई।

⚠️ परीक्षा केंद्रों पर सख्ती, नकल और फर्जीवाड़े पर जीरो टॉलरेंस

आयोग की ओर से परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को भी परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई है।

Translate »
error: Content is protected !!