Home Crime फर्जी IPS का शादी वाला जाल, 11.50 लाख की ठगी

फर्जी IPS का शादी वाला जाल, 11.50 लाख की ठगी

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित 

(Fake IPS officer’s marriage trap; ₹11.50 lakh fraud) मैट्रिमोनियल साइट पर AI से तैयार की गई वर्दी वाली तस्वीर लगाकर खुद को कभी IPS अधिकारी, कभी एक्साइज विभाग का असिस्टेंट कमिश्नर और कभी RAW एजेंट बताने वाले युवक को चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने एक PHD छात्रा को शादी का झांसा देकर करीब 11.50 लाख रुपये, सोने के गहने और लैपटॉप हड़प लिए।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतक की शिवाजी कॉलोनी निवासी अमित कुमार बल्हारा के रूप में हुई है।

AI फोटो से रचा अफसर बनने का खेल

सेक्टर-20 निवासी पीड़िता के मुताबिक, मार्च में मैट्रिमोनियल साइट पर उसकी मुलाकात आरोपी से हुई। उसकी प्रोफाइल पर वर्दी वाली तस्वीर लगी थी। बातचीत आगे बढ़ी तो आरोपी ने खुद को अलग-अलग सरकारी पदों पर तैनात बताया।

पुलिस जांच में सामने आया कि प्रोफाइल पर इस्तेमाल की गई IPS वर्दी वाली तस्वीर कथित तौर पर AI की मदद से तैयार की गई थी।

बीमारी की कहानी, फिर शादी का झांसा

आरोपी ने पीड़िता का भरोसा जीतने के लिए अपनी मां की बीमारी और पारिवारिक परेशानियों की कहानी सुनाई। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और डेटिंग शुरू हो गई।

आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा देकर पीड़िता से पैसे और कीमती सामान लेना शुरू कर दिया।

11.50 लाख कैश, सोना और लैपटॉप लिया

पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे करीब 11.50 लाख रुपये नकद, 6-7 तोले सोने के गहने और लैपटॉप ले लिया।

इतना ही नहीं, उसने खुद को RAW एजेंट बताते हुए सुरक्षा कारणों का हवाला दिया और पीड़िता के दस्तावेजों से उसके नाम पर बैंक खाता खुलवा लिया।

पासबुक, ATM और SIM भी अपने कब्जे में

आरोप है कि बैंक खाता खुलने के बाद आरोपी ने उसकी पासबुक, ATM कार्ड और नया SIM अपने पास रख लिया। वह पीड़िता को कहता था कि सुरक्षा कारणों से OTP और बैंक संबंधी जानकारी उसी के पास रहना जरूरी है।

इस तरह कथित तौर पर बैंक खाते का नियंत्रण भी आरोपी के हाथ में चला गया।

बैंक ने खाता फ्रीज किया तो खुला राज

करीब दो महीने पहले बैंक ने संदिग्ध लेनदेन के चलते खाते को फ्रीज कर दिया। बैंक मैनेजर ने पीड़िता से संपर्क कर खाते में हो रही संदिग्ध ट्रांजेक्शन की जानकारी दी।

इसके बाद पीड़िता को आरोपी पर शक हुआ। जब उसने अपने पैसे और सामान वापस मांगे तो आरोप है कि आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकाना शुरू कर दिया और तस्वीरें-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

मोबाइल फॉरेंसिक जांच में भेजा

शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका मोबाइल कब्जे में लिया है। मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस चैट, फोटो, वीडियो, कॉल डिटेल और बैंक ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी ने इसी तरीके से किसी और युवती को भी अपने जाल में फंसाया था।

Translate »
error: Content is protected !!