चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(JE who demanded a bribe of ₹7 lakh arrested! Caught while accepting ₹3 lakh) हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) का एक जूनियर इंजीनियर (JE) 3 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। गुरुग्राम एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की पहली किस्त लेते दबोच लिया।
ACB के मुताबिक, आरोपी JE ने 10.50 करोड़ रुपये के टेंडर से जुड़े काम के बदले ठेकेदार से 7 लाख रुपये कमीशन की मांग की थी। इसमें से 3 लाख रुपये पहली किस्त के रूप में दिए जा रहे थे।
10.50 करोड़ के टेंडर पर मांगा 2% कमीशन
मामला फरीदाबाद के सेक्टर-76 और 78 में अंडरग्राउंड केबल बिछाने के टेंडर से जुड़ा है। शिकायतकर्ता की फर्म को इस परियोजना के तहत 3.46 करोड़ रुपये का भुगतान जारी हो चुका था। आरोप है कि इसके बाद JE ने काम के बदले 2 प्रतिशत कमीशन की मांग की।
शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम ACB ने कार्रवाई की योजना बनाई और आरोपी को 3 लाख रुपये की पहली किस्त लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
सरकारी काम के बदले कमीशन मांगने के आरोप में हुई इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले में ACB की आगे की जांच जारी है।













