गिल के बल्ले से निकले बड़े स्कोर
गिल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया। तिरुवनंतपुरम में पहले वनडे में उन्होंने 110 रन बनाए। इसके बाद दूसरे मैच में 133 गेंदों पर 223 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 406 रन का लक्ष्य 39 गेंद शेष रहते आठ विकेट से हासिल किया।
गिल इससे पहले जनवरी और सितंबर 2023 तथा फरवरी और जुलाई 2025 में भी ICC प्लेयर ऑफ द मंथ चुने गए थे। पांचवीं बार पुरस्कार जीतने पर उन्होंने खुशी जताते हुए चयन पैनल का आभार व्यक्त किया।
शेफाली ने भी दिखाया दम
महिला वर्ग में शेफाली वर्मा को एशिया कप और एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए चुना गया। उन्होंने महिला एशिया कप में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाए। एशियाई खेलों के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ उन्होंने नाबाद 100 रन बनाए, जबकि श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में 48 रन की पारी खेली।
शेफाली ने कहा कि दो बड़े टूर्नामेंट में खिताबी जीत में योगदान देने के बाद यह सम्मान मिलना उनके लिए खास है। वह इससे पहले विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने के बाद भी यह पुरस्कार जीत चुकी हैं।
पांचवीं बार भारतीय खिलाड़ियों की जोड़ी को सम्मान
एक ही महीने में पुरुष और महिला वर्ग में भारतीय खिलाड़ियों को यह सम्मान मिलने का यह पांचवां मौका है। इससे पहले जून 2024 में जसप्रीत बुमराह और स्मृति मंधाना तथा सितंबर 2025 में अभिषेक शर्मा और स्मृति मंधाना को यह पुरस्कार मिला था।
पुरुष वर्ग में गिल ने अभिषेक शर्मा और जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा को पीछे छोड़ा। महिला वर्ग में श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू और भारतीय स्पिनर श्री चरणी भी पुरस्कार की दौड़ में थीं।


















