Home Himachal Pradesh दो दिन बाद साच पास पर लौटी रफ्तार

दो दिन बाद साच पास पर लौटी रफ्तार

चंबा। राजवीर दीक्षित

भारी बर्फबारी के कारण दो दिन से बंद साच पास मार्ग को छोटे 4×4 वाहनों के लिए खोल दिया गया है। इससे जनजातीय क्षेत्र पांगी के लोगों को राहत मिली है। हालांकि, सड़क पर जमा पानी जमने और जगह-जगह बर्फीली परत बनने से सफर अब भी जोखिम भरा बना हुआ है।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सड़क बहाल करने के लिए पांगी और बैरागढ़, दोनों तरफ से मशीनरी लगाई गई। 15 अक्तूबर को भारी बर्फबारी के बाद यह मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया था।

बर्फीली सड़क पर संभलकर चलें वाहन चालक

अधिकारियों ने वाहन चालकों को सफर से पहले सड़क की स्थिति का आकलन करने और बर्फीले हिस्सों पर बेहद सावधानी बरतने की सलाह दी है। बर्फबारी रुकने के बाद भी सड़क पर जमा पानी जमकर फिसलन पैदा कर सकता है, जिससे वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है।

600 किलोमीटर का चक्कर लगाने से राहत

करीब 4,414 मीटर की ऊंचाई पर स्थित साच पास पांगी घाटी और चंबा मुख्यालय के बीच सबसे छोटा संपर्क मार्ग है। लगभग 170 किलोमीटर लंबा यह रास्ता दूरदराज के जनजातीय क्षेत्र तक जरूरी सामान पहुंचाने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

मार्ग बंद होने पर पांगी के लोगों को मनाली या जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ होकर सफर करना पड़ता है। इससे यात्रा करीब 600 किलोमीटर तक लंबी हो जाती है। सड़क बंद रहने से रोजमर्रा की आवाजाही, जरूरी सामान की आपूर्ति और चिकित्सा सेवाओं तक पहुंच भी प्रभावित होती है।

फिलहाल राहत, लेकिन खतरा बरकरार: मार्ग खुलने से पांगी के लोगों को राहत मिली है, मगर बर्फीली परतों और फिसलन को देखते हुए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

Translate »
error: Content is protected !!