(Pakistani Sikh delegation reaches Kesgarh Sahib; offers prayers for the Khalsa Panth) पाकिस्तान से भारत आए 49 सिख श्रद्धालुओं के जत्थे ने सोमवार को तख्त श्री केसगढ़ साहिब में माथा टेका। श्रद्धालुओं ने खालसा पंथ की चढ़दी कला और भारत-पाकिस्तान के गुरुद्वारों के खुले दर्शनों के लिए अरदास की।
जत्थे का स्वागत जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज और पांच प्यारों ने किया। श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारा सीसगंज साहिब और भोरा साहिब में भी माथा टेका। इसके बाद जत्थे के सदस्यों को सिरोपा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसजीपीसी के डॉ. दिलजीत सिंह भिंडर, अजमेर सिंह खेड़ा और तख्त साहिब के अतिरिक्त मैनेजर हरदेव सिंह मौजूद रहे। जत्थे के नेता पपिंदर सिंह ने प्रबंधकों का आभार जताया।
31 पुरुष, 17 महिलाएं और एक बच्चा शामिल
जत्थे में 31 पुरुष, 17 महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। यह जत्था 8 अक्टूबर को पाकिस्तान से ताशकंद के रास्ते भारत पहुंचा था। श्रद्धालु हेमकुंट साहिब, दिल्ली, फतेहगढ़ साहिब और चमकौर साहिब के दर्शन कर चुके हैं।
सोमवार रात जत्था श्री दरबार साहिब, अमृतसर पहुंचा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, श्रद्धालु 30 अक्टूबर को दिल्ली से पाकिस्तान लौटेंगे।


















