Home Nangal News डॉ. सुभाष शर्मा की पहल रंग लाई, आर्मेनिया से लौटेगा मुकेश का...

डॉ. सुभाष शर्मा की पहल रंग लाई, आर्मेनिया से लौटेगा मुकेश का पार्थिव शरीर

नंगल। राजवीर दीक्षित

(Dr. Subhash Sharma’s initiative bears fruit; Mukesh’s mortal remains to be brought back from Armenia) नंगल के गांव जोहल निवासी मुकेश कुमार के अर्मेनिया में आकस्मिक निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को भारत वापस लाने के लिए भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से संपर्क कर सहायता का अनुरोध किया। डॉ. सुभाष शर्मा के प्रयासों के बाद विदेश मंत्री ने संबंधित भारतीय दूतावास को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके परिणामस्वरूप दूतावास द्वारा मुकेश कुमार के पार्थिव शरीर को भारत लाने की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। इसके लिए कार्गो टिकट भी बुक हो चुकी है और पार्थिव शरीर को भारत लाया जा रहा है।

इस दुखद घटना पर डॉ. सुभाष शर्मा ने मुकेश कुमार के परिवार से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार को ढांढस बंधाया। इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष रमन शर्मा और जिला सचिव विक्रांत परमार भी उनके साथ उपस्थित थे।

डॉ. सुभाष शर्मा ने परिवार को बताया कि केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के त्वरित हस्तक्षेप के बाद भारतीय दूतावास ने पार्थिव शरीर को भारत लाने की आवश्यक व्यवस्था पूरी कर दी है। दूतावास द्वारा पार्थिव शरीर को भारत भेजने से संबंधित पूरा खर्च भी वहन किया जाएगा, जिससे शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत मिली है।

डॉ. सुभाष शर्मा ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की और मानवीय संवेदनाओं को सर्वोपरि रखा। विदेश में किसी परिवार के सदस्य का आकस्मिक निधन हो जाना बेहद पीड़ादायक होता है। ऐसे समय में परिवार की सबसे बड़ी चिंता अपने प्रियजन के पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए अपने देश और घर लाने की होती है।

उन्होंने कहा कि विदेश मंत्री के त्वरित हस्तक्षेप और भारतीय दूतावास द्वारा की गई व्यवस्था से परिवार को बड़ी राहत मिली है। यह संकट की घड़ी में भारतीय नागरिकों के प्रति केंद्र सरकार की संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है।

डॉ. सुभाष शर्मा ने दिवंगत मुकेश कुमार की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं।

Translate »
error: Content is protected !!