मोहाली। राजवीर दीक्षित
(Pakistan-linked drugs and weapons network busted! 4 smugglers arrested) पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलरों के संपर्क में रहकर नशे और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का मोहाली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फिरोजपुर जिले के चार युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच पिस्तौल, 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और क्रेटा कार बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से भेजी जाने वाली हेरोइन हासिल करते थे और मोहाली, चंडीगढ़ समेत ट्राईसिटी के विभिन्न इलाकों में इसकी सप्लाई करते थे। एसएसपी वरुण शर्मा के निर्देश पर नशा तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 7 नवंबर को एसआई स्टाफ की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
23 से 26 साल के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (23), सुनील उर्फ सोनी (26), गुरप्रीत सिंह उर्फ गुरी (24) और सुखचैन सिंह उर्फ सुखा (23) के रूप में हुई है। चारों फिरोजपुर जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी हैं।
जिगाना समेत पांच पिस्तौल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जिगाना .30 बोर, दो .32 बोर और दो .315 बोर पिस्तौल बरामद की हैं। इसके अलावा 100 ग्राम हेरोइन, एक लाख रुपये की ड्रग मनी और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही क्रेटा कार भी जब्त की गई है।
ड्रोन से हेरोइन उठाकर करते थे सप्लाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। पुलिस के मुताबिक, सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी जाने वाली हेरोइन को आरोपी निर्धारित स्थानों से उठाते और फिर ट्राईसिटी के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे।
रिमांड पर पूछताछ, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस अब उनके कथित पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क, हथियारों की सप्लाई और नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान सीमा पार से संचालित तस्करी नेटवर्क को लेकर अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।













