मंडी।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के मंडी से निकलकर ऑस्ट्रेलिया में अपनी पहचान बनाने वाले अभिषेक अवस्थी ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के ग्रेटर बेंडिगो शहर का मेयर चुना गया है। वर्ष 2026-27 के कार्यकाल के लिए नियुक्ति के साथ ही वह इस शहर के पहले भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं।
अभिषेक अवस्थी ने 9 नवंबर को ग्रेटर बेंडिगो के कैपिटल थिएटर में आयोजित समारोह में पद की शपथ ली। इसके साथ ही उन्होंने एक साल के लिए मेयर का कार्यभार संभाल लिया। एंड्रिया मेटकाफ को डिप्टी मेयर चुना गया है।
मेयर चुने जाने के बाद अभिषेक ने साथी पार्षदों का समर्थन देने के लिए आभार जताया। उन्होंने अपने माता-पिता, परिवार और उन सभी लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने उनके सफर में साथ दिया। उन्होंने कहा कि वह ग्रेटर बेंडिगो के निवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
43 वर्षीय अभिषेक अवस्थी मंडी शहर के लोअर समखेतर के रहने वाले हैं। वर्ष 2008 में उच्च शिक्षा के लिए ऑस्ट्रेलिया पहुंचे अभिषेक ने ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई की और बाद में बायोइन्फॉर्मेटिक्स में मास्टर डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने पार्ट टाइम काम भी किया।
समय के साथ उन्होंने पेशेवर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई और विक्टोरिया राज्य सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया। वर्ष 2015 में वह ऑस्ट्रेलिया के नागरिक बने। वर्तमान में वह अपनी पत्नी अनीमा और बेटी अग्नि के साथ ग्रेटर बेंडिगो में रहते हैं।
अभिषेक ने नवंबर 2024 में ग्रेटर बेंडिगो के केनिंगटन वार्ड से पार्षद का चुनाव जीतकर स्थानीय राजनीति में कदम रखा था। शहर में कुल नौ वार्ड हैं। पार्षद बनने के बाद उन्हें 2024-25 के कार्यकाल के लिए डिप्टी मेयर चुना गया। अब महज दो साल के भीतर वह शहर के मेयर पद तक पहुंच गए हैं। उनकी नियुक्ति सर्वसम्मति से हुई।
शपथ ग्रहण समारोह में अभिषेक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। उनके पिता सुरेंद्र पाल भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) से सेवानिवृत्त हैं, जबकि उनकी माता चंपा शर्मा गृहिणी हैं।
मंडी में भी अभिषेक की इस उपलब्धि पर खुशी का माहौल है। छोटे से शहर से निकलकर ऑस्ट्रेलिया के एक प्रमुख शहर की मेयर की कुर्सी तक पहुंचने का उनका सफर युवाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। हिमाचल के लिए भी यह गौरव का क्षण है।












