द टारगेट न्यूज़:
चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) से जुड़े 116 करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले में सीबीआई ने सोमवार को चंडीगढ़ की विशेष अदालत में पूर्व नगर निगम कर्मचारी अनुभव मिश्रा के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला आईडीएफसी फर्स्ट बैंक में जमा धन के हेरफेर से जुड़ा है। अनुभव मिश्रा ने पांच महीने की फरारी के बाद 20 अगस्त को अदालत में आत्मसमर्पण किया था। जांच के अनुसार, मार्च 2025 में जब सीएससीएल का विलय नगर निगम में हुआ, तब अनुभव मिश्रा फाइलों और वित्तीय रिकॉर्ड संभालने वाली समिति का हिस्सा थे। आरोप है कि उन्होंने बैंक से एफडीआर निकालने से जुड़ी फाइलों को संभालने के बाद बिना सूचना दिए कार्यालय आना बंद कर दिया था। बैंक की आंतरिक जांच में खुलासा हुआ था कि जिन एफडीआर को बैंक रिकॉर्ड में दिखाया गया था, वे फर्जी थे। इससे पहले सीबीआई इस मामले में बैंक के तत्कालीन मैनेजर रिभव ऋषि, पूर्व सीएफओ नलिनी मलिक और अन्य समेत सात लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है।













