द टारगेट न्यूज़:
इंडियन ऑयल ने चंडीगढ़ और मोहाली में 5 किलो और 10 किलो के इंडेन एलपीजी सिलेंडरों की एक्सप्रेस डिलीवरी सेवा शुरू कर दी है। यह पहल उन परिवारों के लिए वरदान साबित होगी जिनके पास नियमित एलपीजी कनेक्शन नहीं है या जिन्हें ब्लैक मार्केट से रिफिल लेने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ और ‘छोटू’ ब्रांड नाम से शुरू की गई इस नई सेवा के तहत बुकिंग के महज चार घंटे के भीतर घर पर सिलेंडर की डिलीवरी का वादा किया गया है। इसके जरिए ग्राहक न्यूनतम दस्तावेजों के साथ नया कनेक्शन ले सकेंगे, जिसमें एड्रेस प्रूफ की भी आवश्यकता नहीं होगी। यह कदम उन प्रवासियों, छात्रों, कामकाजी पेशवरों और छोटे परिवारों के लिए बेहद फायदेमंद होगा जिनके पास स्थानीय पते के दस्तावेज नहीं हैं और वे अक्सर अवैध रूप से बेचे जाने वाले सिलेंडरों पर निर्भर रहते हैं। अवैध बाजार में ये सिलेंडर 2,500 रुपये तक में बिकते हैं, जबकि आधिकारिक घरेलू रिफिल की कीमत 951.50 रुपये है। इंडियन ऑयल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि चंडीगढ़ और मोहाली में इस सेवा का उद्देश्य एलपीजी को अधिक सुलभ बनाना और पारंपरिक बुकिंग प्रक्रियाओं की असुविधा को खत्म करना है। ग्राहक इंडियनऑल वन ऐप, कंपनी के पोर्टल cx.Indianoil, व्हाट्सएप नंबर 7588888824, मिस्ड कॉल नंबर 8454955555, टोल-फ्री नंबर 1800-2333-555 और एसएमएस/आईवीआरएस 7718955555 के जरिए सिलेंडर बुक कर सकते हैं। कंपनी ने नए कनेक्शन और रिफिल की कुल शुरुआती लागत 4,786.50 रुपये तय की है। 10 किलो का एक्सट्रालाइट सिलेंडर कंपोजिट मटेरियल से बना है, जो पारंपरिक स्टील सिलेंडरों की तुलना में हल्का, जंग रहित और पारदर्शी पट्टियों वाला है, जिससे उपभोक्ता गैस का स्तर आसानी से देख सकते हैं। इंडियन ऑयल के चेयरमैन एएस साहनी ने जुलाई में पुणे से एक्सट्रालाइट नाउ की शुरुआत की थी, जिसे अब चंडीगढ़ और मोहाली तक बढ़ा दिया गया है।













