द टारगेट न्यूज़:
पंजाब के डेराबस्सी के हुमायूंपुर गांव के रहने वाले 45 वर्षीय सीमांत किसान बलजिंदर सिंह ने 12 करोड़ रुपये का दिवाली बंपर लॉटरी पुरस्कार जीता है। बलजिंदर ने दिवाली से पहले हांडेसरा में एक लॉटरी विक्रेता से 500 रुपये में यह टिकट खरीदा था। उन्हें कल रात करीब 11 बजे अपनी जीत की जानकारी मिली। बेहद खुश बलजिंदर ने बताया कि वह खेती-बाड़ी करके किसी तरह अपना गुजारा करते हैं। उन्होंने कहा कि वह साल 2010 से लॉटरी टिकट खरीद रहे हैं और आखिरकार भगवान ने उनकी सुन ली है। दो बच्चों के पिता बलजिंदर ने कहा कि यह खबर उनके लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है और उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह इस इनामी राशि का उपयोग कैसे करेंगे। वह और उनके दोस्त पुरस्कार का दावा करने के लिए जीरकपुर में औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं। पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर लॉटरी के लिए कुल 36 लाख टिकट छापे गए थे, जो 12 सीरीज में मेष से मीन राशि और 7,00,000 से 9,99,999 के बीच नंबरों के साथ बिके थे।













