चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Patil’s blunt response regarding the Akali alliance: BJP will contest all 117 seats!) पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच केंद्रीय जलशक्ति मंत्री एवं पंजाब भाजपा के चुनाव प्रभारी सीआर पाटिल ने बड़ा बयान दिया है। मंगलवार को चंडीगढ़ पहुंचे पाटिल ने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में भाजपा पंजाब में जीत दर्ज करेगी।
अकाली दल के साथ गठबंधन के सवाल पर पाटिल ने स्पष्ट किया कि उन्हें ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है। गठबंधन से संबंधित निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
सुखबीर बादल से मुलाकात पर बोले- मेरी कोई बैठक नहीं हुई
चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय और इससे पहले एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में पाटिल ने शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के साथ किसी बैठक से इनकार किया।
उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर उनके पास कोई जानकारी नहीं है। यदि इस संबंध में कोई बातचीत होनी होगी तो पार्टी के वरिष्ठ नेता करेंगे।
पाटिल ने कहा, “मैं एक साधारण कार्यकर्ता हूं। गठबंधन जैसे फैसले पार्टी का नेतृत्व करता है।”
दिलचस्प बात यह रही कि मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एनडीए का उल्लेख करने के बजाय भाजपा की अपनी चुनावी तैयारियों और जीत की संभावनाओं पर जोर दिया।
पंजाब में भाजपा की सरकार बनने का दावा
सीआर पाटिल ने कहा कि जिस तरह भाजपा दूसरे राज्यों में जीत हासिल कर रही है, उसी तरह पंजाब में भी पार्टी को सफलता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि वह पंजाब में सार्वजनिक रैलियां करने के बजाय पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और संगठन की स्थिति समझेंगे।
पंजाब चुनाव प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद यह उनका पहला दौरा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाया जाएगा।
भाजपा कार्यालय में उनके दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष केवल ढिल्लों, मीडिया प्रभारी विनीत जोशी और प्रदेश उपाध्यक्ष सुभाष शर्मा मौजूद रहे।
करतारपुर कॉरिडोर पर पीएम मोदी से उम्मीद
करतारपुर कॉरिडोर दोबारा खोलने के प्रयासों से जुड़े सवाल पर पाटिल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले भी इस दिशा में प्रयास किए थे और सफलता हासिल की थी।
उन्होंने विश्वास जताया कि सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री दोबारा प्रयास करेंगे।
कैप्टन अमरिंदर सिंह पर भी दिया जवाब
भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के सोनिया गांधी की पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने के सवाल पर पाटिल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होना किसी व्यक्ति की निजी इच्छा है और किसी को इसमें जाने से रोका नहीं जा सकता।
वहीं, सोनिया गांधी की पुस्तक में 1984 के सिख विरोधी दंगों का उल्लेख नहीं होने संबंधी सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने पुस्तक नहीं पढ़ी है, इसलिए इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते।
यमुना की सफाई को लेकर AAP पर निशाना
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए पाटिल ने कहा कि दिल्ली की जनता का यमुना की सफाई के मुद्दे पर AAP से भरोसा उठ चुका था।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपा वर्ष 2028 से पहले गंगा और यमुना की सफाई का लक्ष्य पूरा करेगी।
उद्योगपतियों से भी करेंगे मुलाकात
पंजाब दौरे के दौरान सीआर पाटिल का उद्योगपतियों से मुलाकात करने का कार्यक्रम भी है। इसे राज्य के कारोबारी और औद्योगिक वर्ग के बीच भाजपा का संपर्क बढ़ाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
पंजाब में अकाली-भाजपा गठबंधन को लेकर अटकलें जारी हैं। ऐसे में पाटिल का सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का बयान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, उन्होंने गठबंधन की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया और अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया।











