Home Political पंजाब में भाजपा का बड़ा दांव, जालंधर से निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा

पंजाब में भाजपा का बड़ा दांव, जालंधर से निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा

जालंधर। राजवीर दीक्षित 

 

(BJP’s major move in Punjab: ‘Samrasta Sankalp Yatra’ (Harmony Resolution March) to be launched from Jalandhar) पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने सामाजिक और राजनीतिक संपर्क अभियान तेज करने की तैयारी कर ली है। संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में पार्टी 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से ‘समरसता संकल्प यात्रा’ शुरू करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे और इस अवसर पर जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

18 दिनों तक चलने वाली यह यात्रा करीब 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी। पंजाब से शुरू होकर चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा और दिल्ली से गुजरते हुए यात्रा 3 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संपन्न होगी।

डेरा बल्लां से शुरुआत के सियासी मायने

जालंधर के निकट स्थित डेरा सचखंड बल्लां रैदासिया समुदाय का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र है। पंजाब में अनुसूचित जाति समुदाय के बीच इस डेरे का धार्मिक और सामाजिक प्रभाव काफी अहम माना जाता है। ऐसे में भाजपा की ओर से यात्रा की शुरुआत डेरा बल्लां से करना राजनीतिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पंजाब में विभिन्न राजनीतिक दल लंबे समय से इस समुदाय के साथ संपर्क बनाए रखने की कोशिश करते रहे हैं। ऐसे में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की यह पहल राज्य में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक पकड़ मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।

गुरु रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य

भाजपा के इस अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के सामाजिक समानता, भाईचारे, मानव कल्याण और श्रम की गरिमा से जुड़े विचारों को देशभर में पहुंचाना है। यात्रा के दौरान धार्मिक समागम, जनसभाएं और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पार्टी ने संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में देशव्यापी कार्यक्रमों की योजना बनाई है। ये आयोजन 20 फरवरी 2027 तक चलेंगे। जालंधर से वाराणसी तक की यात्रा इसी अभियान की प्रमुख कड़ी होगी। वाराणसी को संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली होने के कारण विशेष महत्व प्राप्त है।

पीएम मोदी भी कर चुके हैं डेरा बल्लां का दौरा

इस यात्रा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 फरवरी 2026 को संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर डेरा सचखंड बल्लां पहुंचे थे। उन्होंने संत निरंजन दास से मुलाकात की और संत गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि अर्पित की थी।

इस दौरान प्रधानमंत्री ने समाज सेवा के क्षेत्र में डेरे के योगदान और संत रविदास जी के समानता व समरसता के संदेश को भी रेखांकित किया था। इसी दिन आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ करने की घोषणा भी की गई थी।

2027 चुनाव से पहले भाजपा की नजर पंजाब पर

पंजाब में अगले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा अपनी संगठनात्मक मौजूदगी मजबूत करने में जुटी है। डेरा सचखंड बल्लां से यात्रा की शुरुआत और राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे समरसता अभियान को पार्टी की इसी रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

हालांकि, यह पहल चुनावी समर्थन में कितनी तब्दील होगी, यह भाजपा की स्थानीय मुद्दों पर रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और चुनावी समीकरणों पर निर्भर करेगा। फिलहाल 18 नवंबर को जालंधर से शुरू होने वाली यह यात्रा पंजाब की सियासत में चर्चा का केंद्र बनने जा रही है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
पंजाब भाजपा के पुराने नेताओं ने अकाली दल के साथ नये गठबंधन का विरोध किया पंजाब में भाजपा का बड़ा दांव, जालंधर से निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस प्रमुख चौराहों पर लाइटों के समय की समीक्षा करेगी 15 साल के वैभव ने रचा इतिहास, बने दुनिया के सबसे युवा T20 कप्तान पंजाब चुनाव 2027: पटियाला में ईवीएम और वीवीपैट मशीनों की प्रथम स्तरीय जांच शुरू पंचकुला में बाइक चोरी करने के आरोप में दो व्यक्ति गिरफ्तार अकाली गठबंधन पर भाजपा में फूट, ग्रेवाल का अपनों पर वार! सांसद का केंद्र पर वार, 543 सीटों में दें महिला आरक्षण! इंडस यूनिवर्सिटी में फ्रेशर्स का धमाल, प्रांशु-सृष्टि बने स्टार! लुधियाना के प्रॉपर्टी डीलर को एक करोड़ रुपये की रंगदारी की धमकी; फोन करने वाले का दावा है कि वह गैंगस्टर डोनी बाल है