मंडी।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश में सर्दियों के दौरान भारी बर्फबारी और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मंडी जिला प्रशासन ने प्रसिद्ध शिकारी माता मंदिर को 20 नवंबर से श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बंद करने का फैसला लिया है। मंदिर अगले आदेश तक आम जनता के लिए बंद रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के बावजूद मंदिर की ओर जाने का प्रयास करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
थुनाग के एसडीएम एवं शिकारी माता मंदिर समिति के अध्यक्ष संजीत शर्मा ने बताया कि यह फैसला श्रद्धालुओं, पर्यटकों, ट्रैकिंग करने वालों और स्थानीय निवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
एसडीएम संजीत शर्मा ने बताया कि सर्दियों के दौरान शिकारी माता की पहाड़ियों पर भारी हिमपात होता है। बर्फबारी के कारण मंदिर तक पहुंचने वाले रास्ते बेहद जोखिम भरे हो जाते हैं।
आने वाले दिनों में मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन मंदिर में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि बर्फ से ढके रास्तों, फिसलन और अत्यधिक ठंड के कारण श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों की जान को खतरा हो सकता है।
मंडी जिले के सराज क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों पर स्थित शिकारी माता मंदिर धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र होने के साथ पर्यटकों और ट्रैकिंग के शौकीनों के बीच भी प्रसिद्ध है।
हालांकि, सर्दियों में यहां भारी बर्फबारी के कारण यात्रा कठिन हो जाती है। ऐसे में प्रशासन ने 20 नवंबर से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और ट्रैकर्स सहित सभी लोगों के मंदिर जाने पर प्रतिबंध लगाया है।
यह प्रतिबंध प्रशासन के अगले आदेश तक लागू रहेगा।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मंदिर बंद रहने की अवधि में किसी भी व्यक्ति को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी।
यदि कोई व्यक्ति प्रशासनिक आदेशों का उल्लंघन कर मंदिर तक पहुंचने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे खराब मौसम के दौरान शिकारी माता मंदिर और अन्य ऊंचाई वाले बर्फीले क्षेत्रों की अनावश्यक यात्रा से बचें।
प्रशासन ने आपात स्थिति या सहायता की आवश्यकता होने पर संपर्क करने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
- पुलिस थाना जंजैहली: 01907-256740
- एसडीएम कार्यालय थुनाग: 01907-257666
प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने और मंदिर को दोबारा खोलने के आधिकारिक आदेश जारी होने तक यात्रा नहीं करने की अपील की है।
एसडीएम संजीत शर्मा ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा है और सभी से आदेशों का पालन करने की अपेक्षा की जाती है।













