नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Big relief for BS-VI vehicles: PUC will now be valid for 3 years) वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) की वैधता को लेकर नए नियम लागू कर दिए हैं। अब 6 साल तक पुरानी BS-VI निजी गाड़ियों का PUC सर्टिफिकेट 3 साल तक वैध रहेगा। वहीं, 6 साल से ज्यादा और 10 साल तक पुराने वाहनों को हर साल PUC रिन्यू कराना होगा।
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 13 नवंबर को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। नए नियमों में निजी और व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग वैधता अवधि तय की गई है। अधिसूचना राजपत्र में प्रकाशित होते ही नियम लागू हो गए हैं।
एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराया तो मिलेगा फायदा
सरकार ने PUC रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी नियम स्पष्ट कर दिए हैं। अगर वाहन मालिक मौजूदा सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले के भीतर नया PUC बनवाता है, तो उसकी वैधता पुराने सर्टिफिकेट की एक्सपायरी तारीख से ही शुरू होगी।
लेकिन अगर सर्टिफिकेट एक्सपायर होने के बाद रिन्यू कराया जाता है, तो नया PUC उसी दिन से लागू माना जाएगा, जिस दिन रिन्यूअल कराया गया है।
पुराने PUC पर तुरंत नहीं बदलेगी वैधता
नए नियम लागू होने से पहले जारी किए गए PUC सर्टिफिकेट की वैधता तत्काल नहीं बदलेगी। ऐसे सर्टिफिकेट पर संशोधित नियम पहली बार रिन्यूअल कराने के बाद लागू होंगे।
सरकार के इस फैसले से नई BS-VI निजी गाड़ियों के मालिकों को बार-बार PUC बनवाने की परेशानी से राहत मिलेगी।













